जिले में 108 एंबुलेंस सेवा पूरी तरह से हो रही फेल, भाजपा नेता के सहयोग से 29 घंटे बाद मरीज को मिला एम्बुलेंस

जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में 108 एंबुलेंस सेवा पूरी तरह से फेल साबित हो रही है। मरीज तड़प रहे हैं। मगर उन्हें समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा रहा है। वहीं शुक्रवार फिर से एक मरीज को एंबुलेंस नहीं मिलने की शिकायत सामने आई।

जिसके तहत बिरसानगर निवासी एम. सोय हृदय रोग से ग्रस्त हैं और वे एमजीएम अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में भर्ती हैं। चिकित्सकों ने उन्हें बीते बुधवार को हायर सेंटर रेफर कर दिया है। जिसके बाद गुरुवार की सुबह 11 बजे से मरीज की बड़ी बहन 108 एंबुलेंस को फोन लगा रही है। इस दौरान उन्हें चिकित्सक से बात कराने को कहा गया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक से बात कराया गया तो कहा गया कि आधे घंटे में एंबुलेंस पहुंच रही है। मगर नहीं पहुंची। बाद में मरीज के परिजनों ने फिर फोन किया तो कहा गया कि आधे घंटे में पहुंच रही। फिर भी नहीं पहुंची।

इसी तरह से मरीज के परिजन दिनभर फोन करते रहे। मगर एंबुलेंस नहीं पहुंची। वहीं शुक्रवार को भी मरीज की बड़ी बहन प्रयास करती रही। लेकिन एंबुलेंस नहीं पहुंची। जिसके बाद उन्होंने दोपहर एक बजे भाजपा नेता विमल बैठा को फोन किया तो वे मौके पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने 108 एंबुलेंस के पदाधिकारी व सिविल सर्जन से बातचीत कर मरीज की स्थिति से अवगत कराया।

तब जाकर शाम चार बजे मरीज एमजीएम से रांची रिम्स गया। लगभग 29 घंटे के बाद मरीज को एंबुलेंस मिली। मामले में एमजीएम अधीक्षक डॉ रविंद्र कुमार का कहना है कि मरीजों को समय पर एंबुलेंस नहीं मिल पाना गंभीर समस्या है। इसकी शिकायत रांची स्वास्थ्य विभाग को की गई है। ताकि इसका समाधान निकाला जा सकें। 108 एंबुलेंस सेवा का संचालन रांची से ही होता है।

Related posts