सुरंग से बाहर आए मजदूरों के घर पहुंचे समाजसेवी रवि जायसवाल, दो बच्चे के मैट्रिक तक पढ़ाई की ली जिम्मेदारी 

जमशेदपुर : बीते दिनों उत्तराखंड राज्य के उत्तरकाशी में राष्ट्रीय राजमार्ग 134 को जोड़ने के लिए बनाई जा रही सिल्कयारा बेंड-बारकोट सुरंग का एक हिस्सा निर्माणाधीन होने के दौरान ढह गया था। इस दौरान 41 श्रमिक भी उसके अंदर फंस गए थे। जिसमें से 6 मजदूर झारखण्ड राज्य डुमरिया प्रखंड के रहने वाले थे। वहीं मजदूरों को 17 वें दिन अथक प्रयास से सकुशल बाहर निकाला गया। जिसके बाद सभी को स्वास्थ्य जांच के लिए रखा गया।

वहीं डुमरिया के दो मजदूरों के परिजन बहुत ही गरीबी की जिंदगी जी रहे हैं। जिसकी सूचना पाकर समाजसेवी रवि जायसवाल उनके घर पहुंचे। जहां उन्हे पता चला कि उनके घर में खाने का सामान भी नहीं है। जबकि इसी बीच मजदूर भुक्तू मुर्मू के पिता का देहांत भी हो गया था। जिसके बाद उन्होंने डुमरिया थाना प्रभारी से सम्पर्क कर दोनों परिवारों की स्थिति को जानकर चार-चार माह के राशन के साथ कुछ आर्थिक मदद भी की। साथ ही नहीं भुक्तू मुर्मू के परिवार के दो बच्चो की मैट्रिक तक की पढ़ाई की जिम्मेदारी भी उन्होंने ली है।

Related posts