एक जनवरी से देश भर के सभी जन-वितरक साथी रहेंगे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर- राजेश बंसल

सभी मांगे मानी जाने तक जारी रहेगा हड़ताल

जन-वितरक बड़े समाजसेवी, गरीबों को भोजन मुहैया कराना सबसे बड़ी समाजसेवा

गिरिडीह: – आल इंडिया फेयर प्राईस शाॅप डीलर्स एसोसिएशन गिरिडीह के नव चयनित जिला अध्यक्ष राजेश कुमार बंसल ने उक्त पद पर अपने चयन के लिए संघ के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि मैं संघ की मजबूती और संघ के साथियों के कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत रहते हुए अपने उत्तरदायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करुंगा। उन्होंने कहा कि डीलर्स समाज के महत्वपूर्ण अंग और बड़े समाजसेवी के रूप में हैं। गरीबों को भोजन मुहैया कराने से बड़ी और क्या समाजसेवा हो सकती है। हम ने कोरोना महामारी के दौरान अपने प्राणों की आहुति देकर भी गरीबों एवं जरुरतमंदों तक अनाज पहुंचाने का काम किया था। कहा कि केंद्र सरकार लगातार हमारी उपेक्षा कर रही है। वह हमारी मांगों के प्रति तनिक भी गंभीर नहीं है। हमारी सभी मांगे जायज़ हैं। सरकार को जल्द ही हमारी सभी मांगों को मानना होगा।

उन्होंने आगे कहा कि देश भर के सभी जन वितरक साथी 1 जनवरी से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे। हमारा हड़ताल हमारी सभी मांगे मानी जाने तक जारी रहेगा। हड़ताल के दौरान हम सभी जन वितरण की प्रक्रिया को पूरी तरह से बंद रखेंगे। हड़ताल के कारण कार्डधारियों को होने वाली असुविधा और परेशानी को हम अच्छी तरह से समझ सकते हैं। इसके लिए हम सभी को खेद है किन्तु हमारे समक्ष अन्य कोई विकल्प नहीं है। हमारे भी बाल-बच्चे हैं। हमारी भी पारिवारिक जिम्मेदारियां हैं। हमारा भी भविष्य है। कहा कि हड़ताल के दौरान कार्डधारियों को होने वाली परेशानियों की जवाबदेही पूरी तरह से सरकार की होगी।

Related posts