सभी 16 सुत्री मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा हड़ताल- राजेश बंसल

हड़ताल को लेकर बंद रहीं जिले के 1955 व प्रदेश के 25,400 जन-वितरण की दुकानें

केन्द्र एवं राज्य सरकार की लगातार अवहेलना और उपेक्षा से बाध्य होकर विवशता में लेना पड़ा हड़ताल का निर्णय

मो. ओबैदुल्लाह शम्सी

गिरिडीह:- फेयर प्राईस शाॅप डीलर्स एसोसिएशन गिरिडीह के जिला अध्यक्ष राजेश कुमार बंसल ने बीते 1 जनवरी से चल रहे जन-वितरण विक्रेताओं के देश व्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि हमारा हड़ताल सफल है। देश के कुल 5 लाख 38 हजार जन-वितरण विक्रेता अपनी 16 सुत्री मांगों को लेकर पूरी तरह से अटल हैं। सरकार के द्वारा हमारी सभी मांगों को माने जाने तक हमारा यह हड़ताल इसी प्रकार अनवरत जारी रहेगा। कहा कि आज हड़ताल के चौथे दिन जिले के सभी 1955 एवं प्रदेश के कुल 25 हज़ार 400 जन-वितरण की दुकानें पूरी तरह से बंद हैं। इस दौरान किसी भी जन- वितरक साथी ने राशन का उठाव एवं वितरण नहीं किया है और न ही आगे करेंगे। हमारी चट्टानी एकता ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है जिसके बल पर हम सरकार को घुटने टेकने पर विवश कर देंगे।
उन्होंने आगे कहा कि कल सरकार के साथ सचिव स्तरीय वार्ता हुई जिसमें सरकार के तरफ से अमिताभ कौशल जी एवं हमारे संगठन के प्रदेश महासचिव संजय कुंडु व अन्य पांच प्रतिनिधियों ने वार्ता में भाग लिया हालांकि उक्त वार्ता असफल रही।

कहा कि देश के 81 करोड़ लोगों के लिए अनाज का प्रबंध करने वाले 5 लाख 38 हजार जन-वितरण विक्रेता सरकारी उदासीनता एवं मूकदर्शिता के कारण आज स्वयं भुखमरी के कगार पर हैं। हमारे समक्ष गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गई है लेकिन कोई हमारी सुध लेने वाला नहीं है। हमें विवश होकर यह निर्णय लेना पड़ा है। हमें ज्ञात है कि हमारे इस निर्णय से देश के 81 करोड़ भाइयों एवं बहनों को समस्याएं हो रही होंगी लेकिन हमें आशा एवं विश्वास है कि वे हमारी विवशता को समझने का प्रयास करेंगे।

उन्होंने देश के सभी जन-वितरण विक्रेताओं को हड़ताल के दौरान अब तक ऐतिहासिक एकता का परिचय देने के लिए बधाई एवं धन्यवाद देते हुए कहा कि आप सभी धन्यवाद एवं बधाई के पात्र हैं। हमें यह लड़ाई आगे भी इसी प्रकार पूरी मजबूती के साथ लड़ना है। हम सभी का यह प्रयास रंग लाएगा। हम अपने उद्देश्यों की प्राप्ति में सफल होंगे। सरकार को हमारी सभी मांगे हर हाल में माननी पड़ेगी।

Related posts