75 वें गणतंत्र दिवस पर स्वास्थ्य मंत्री ने गोपाल मैदान में फहराया तिरंगा

– डीसी और एसएसपी समेत अन्य अधिकारी हुए शामिल

जमशेदपुर : 75 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर बिस्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में बतौर मुख्य अतिथि सूबे के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने तिरंगा फहराकर सलामी दी। साथ ही डीसी मंजूनाथ भजंत्री, एसएसपी किशोर कौशल, डीडीसी मनीष कुमार, एसपी सिटी मुकेश लुणायत, एसपी ग्रामीण ऋषभ गर्ग, एसडीओ धालभूम पीयूष सिन्हा, एडीसी जयदीप तिग्गा, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर राजीव रंजन समेत अन्य पदाधिकारियों ने भी झंडे को सलामी दी। इस दौरान समारोह में परेड और झांकी आकर्षण का मुख्य केन्द्र रहे। परेड में 8 टुकड़ियां शामिल हुई। जिसमें एनसीसी बालिका को प्रथम, जिला पुलिस बल (महिला) को द्वितीय और जिला पुलिस बल (पुरूष) को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। इसी तरह झांकी में प्रथम स्थान कृषि विभाग, द्वितीय स्थान पर समाज कल्याण और तृतीय स्थान अबुआ आवास की झांकी को प्राप्त हुआ। जिसके बाद विजेताओं को ट्रॉफी देकर सम्मानित भी किया गया। इसके अलावा सभी प्लाटून व परेड कमांडर को मंत्री द्वारा पुरस्कृत किया गया। वहीं मंत्री द्वारा सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा अपनी जिम्मेदारियों को कर्तव्य निष्ठा से निभाने वाले पदाधिकारी एवं कर्मियों, सफाई व स्वास्थय कर्मी, सेविका/ सहायिका, शिक्षक, पुलिस के पदाधिकारी व पुलिस बल को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मंत्री बन्ना गुप्ता ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता सेनानियों, सूफियों और संत महात्माओं को नमन करते हुए राज्य एवं जिलावासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता का इतिहास किसी साधारण स्याही से नहीं लिखा गया है। बल्कि यह हमारे वीरों और सूफी संत- महात्माओं के रक्त की बूंद से लिखा गया है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा, तिलका मांझी, सिद्धू-कानू, चांद-भैरव और फूलो-झानो जैसे वीरों ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष किया। जिसने आजादी की लड़ाई को जन्म दिया। स्वतंत्रता के बाद भी झारखंड के लोगों को अपनी संस्कृति और पहचान के लिए संघर्ष करना पड़ा। जयपाल सिंह मुंडा, दिशोम गुरू और झारखंड के वीरों ने जिस झारखंड की परिकल्पना की थी। उसको साकार करने का प्रयास राज्य सरकार द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी वर्गों के कल्याण के लिए कृत संकल्पित होकर लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान में खड़े व्यक्ति तक पहुंचा रही है। इन योजनाओं से राज्य के गरीब, वंचित और पिछड़े वर्गों के लोगों को काफी लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पेंशन योजना के तहत अब 50 आयु वर्ष से ही महिलाएं चाहे वह किसी भी जाति, धर्म या समुदाय की हों, पेंशन पाने की हकदार होंगी। इससे उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में मदद भी मिलेगी।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री किशोरी समृद्धि योजना के तहत कक्षा 8 से 12 वीं तक की छात्राओं को आर्थिक सहायता दी जा रही है। जिससे छात्राओं को शिक्षा के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही वे भविष्य में अपने पैरों पर खड़ी हो सकेंगी। वीर शहीद पोटो हो खेल योजना के तहत राज्य के सभी खेल मैदानों का चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। साथ ही खिलाड़ियों को सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे झारखंड के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। वहीं नीलांबर पीतांबर जल समृद्धि योजना के तहत राज्य के भू गर्भ जल स्तर और जलाशयों को पुनर्जीवित किया जा रहा है। जिससे किसानों को खेती के लिए पर्याप्त पानी मिलने के साथ साथ सिंचाई व्यवस्था में सुधार भी होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रयासरत है। जिसके तहत राज्य के विकास के लिए कई योजनाएं और कार्यक्रम भी शुरू किए गए हैं। उन्होंने बताया कि जमशेदपुर में 434 करोड़ रुपये से सुपर स्पेशलिस्ट अस्पताल बनाया जा रहा है और जिसका निर्माण कार्य जल्द ही पूर्ण कर लिया जाएगा। वहीं शहर में जाम की समस्या को दूर करने के लिए जल्द ही फ्लाईओवर का निर्माण भी किया जाएगा। अस्पतालों में बेड की संख्या में लगातार इजाफा किया जा रहा है। जिसके लिए 21 हजार से अधिक बेड भी तैयार किए गए हैं। जिसमें 5000 से अधिक नॉन आईसीयू बेड और 11,396 आईसीयू बेड शामिल हैं। साथ ही राज्य में नए कोविड वैरिएंट की जांच के लिए जिनोम सिक्योंसिंग मशीन भी आ चुकी है। राज्य में 17 आरटी पीसीआर लैब भी स्थापित की गई हैं। कोरोना जैसी वैश्विक महामारी में भी बुलंद हौसलों से इस चुनौती का डट कर सामना किया गया। वसुधैव कुटुंबकम् के सिद्धांत का पालन करने वाले हम सभी व्यक्ति के सुख दुख में खड़े हैं। राज्य को समृद्ध एवं उन्नत बनाने के लिए हर सफल प्रयास किया जा रहा है।

Related posts