सिदगोड़ा में घर हड़पने के लिए लगाया विकास की हत्या का आरोप, एसएसपी से की जांच की मांग

जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना अंतर्गत भुइयांडीह बाबूडीह लाल भट्टा निवासी विकास कुमार गुप्ता की मौत के मामले में सोमवार उस वक्त नया मोड़ आया, जब उसकी विधवा पत्नी सविता देवी ने एसएसपी से मिलकर फागुनी साव और उसके तीन नाती सूरज साव, विकास साव व कल्लू साव पर घर हड़पने के लिए हत्या करने का आरोप लगाते हुए मामले की उच्च स्तरीय जांच करने की मांग की। इस दौरान अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा के जिलाध्यक्ष राकेश साहू व उनकी टीम के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। वहीं एसएसपी ने मामले की जानकारी लेने के बाद सिदगोड़ा थाना प्रभारी को फोन कर जांच करने का निर्देश भी दिया। साथ ही शिकायतकर्त्ता मृतक की पत्नी सविता देवी को मंगलवार की सुबह सिदगोड़ा थाना जाकर थाना प्रभारी से मिलने को भी कहा। मामले में सविता देवी ने बताया कि उनके पति विकास कुमार गुप्ता चालक थे। लीवर की बीमारी से ग्रसित रहने के कारण उन्हें 8 जनवरी को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस दौरान 15 जनवरी को विकास अस्पताल से अचानक गायब हो गया। उन्होंने कहा कि वह गरीब है और इसलिए उनकी बातों को किसी ने गंभीरता से नहीं लिया। जिसके बाद वे अपने स्तर से उनका पता लग रही थी। इसी बीच 21 जनवरी को पड़ोसी ने उन्हें मोबाइल में फोटो दिखाया कि अस्पताल में एक आदमी का शव मिला हैं। फोटो की उन्होंने अपने पति के रुप में पहचान की और भागते हुए अस्पताल पहुंची। उन्होंने कहा कि शव को देखने से ऐसा लग रहा था कि किसी ने बुरी तरह से मारपीट कर उनकी हत्या की है। साथ ही शरीर पर जगह-जगह सिगरेट से दागे जाने के निशान भी मौजूद थे। आगे उन्होंने कहा कि फागुनी साव और उसके नाती सूरज, विकास व कल्लू साव हमारा घर हड़पना चाह रहे थे। जिस कारण उनसे विवाद भी हुआ था। पत्नी ने उन्हीं पर पति का अस्पताल से अपहरण कर हत्या करने का आरोप लगाया है। मगर किसी ने भी उनकी शिकायत नहीं सुनी। साथ ही मामला भी दर्ज नहीं किया। जबकि दाह संस्कार करने के बाद जब वह घर के कागजों को देख रही थी तो पाया कि पति ने विगत 6 अक्टूबर 2023 को एक शिकायत दिया था। जिसमें उन्होंने फागुनी साव और उनके नातियों द्वारा अपहरण कर बेरहमी से बांधकर मारपीट किए जाने की बात कही थी। साथ ही बंधक बनाकर कागजों पर हस्ताक्षर करवाने की शिकायत और अपना जान बचाने का निवेदन भी किया था। मृतक विकास कुमार गुप्ता द्वारा मृत्यु के पूर्व माह में दिए गए आवेदन की प्रति भी पत्नी ने एसएसपी को दिखाया। उन लोगों से हमारा विवाद हुआ था। जिसको लेकर उनके साथ राधिका देवी ने इस संबंध में एक आवेदन भी समर्पित किया था। जिसमें उन्होंने हमारे साथ होने वाले अप्रिय घटना की आशंका के बारे में जिक्र करते हुए बढ़ाने का निवेदन भी किया था। महिला ने अपने पति की हत्या करने का आरोप फागुनी साव और उसके नातियों पर लगाया है। साथ ही एसएसपी से अपने और परिवार की सुरक्षा की गुहार भी लगाई है। मौके पर साहू समाज के जिला कोषाध्यक्ष सुरेश कुमार, वरीय उपाध्यक्ष रंजीत कुमार साव, महामंत्री पप्पू साहू, जिला सचिव अशोक साव, भोला प्रसाद, सत्यदेव प्रसाद, संजय साव, बागबेड़ा थाना क्षेत्रीय अध्यक्ष संतोष गुप्ता, नंदकिशोर साव, क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रभात कुमार साहू, कृष्ण देव साहू, विनोद साव, मनोज गुप्ता, रंजीत कुमार समेत अन्य मौजूद थे।

Related posts