टाटा स्टील ने संस्थापक जेएन टाटा को 185 वीं जयंती पर दी श्रद्धांजलि

जमशेदपुर : टाटा स्टील ने रविवार 3 मार्च को संस्थापक जमशेदजी नसरवानजी टाटा को उनकी 185 वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। जिन्हें महान ‘भारतीय उद्योग का जनक’ भी माना जाता है। वहीं संस्थापक दिवस के रूप में मनाया जाने वाला यह कार्यक्रम हर साल 3 मार्च को जमशेदपुर में सामुदायिक कल्याण के साथ औद्योगिक भविष्य के संस्थापक की दूरदर्शी सोच को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित किया जाता है। इस वर्ष के समारोह की थीम “टेक्नोलॉजी फॉर पीपल एंड प्लेनेट” थी। इस कार्यक्रम में टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन और टाटा स्टील के सीईओ सह प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन उपस्थित रहे। साथ ही कंपनी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और यूनियन के सदस्य भी मौजूद थे। कार्यक्रम की शुरुआत टाटा स्टील वर्क्स मेन गेट पर सभी के द्वारा संस्थापक को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस दौरान बिस्टुपुर स्थित पोस्टल पार्क में शहर के नागरिकों को संबोधित करते हुए एन चंद्रशेखरन ने कहा कि हमारे संस्थापक जमशेदजी टाटा ने एक ऐसे भविष्य की कल्पना की थी जहां उद्योग सकारात्मक बदलाव के लिए एक बड़ी ताकत होगा और यह बहुत गर्व की बात है कि हम उनकी विरासत को बरकरार रख रहे हैं। इस अवसर पर हम अखंडता, नवाचार और सामाजिक जिम्मेदारी के सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हैं। जिन्होंने हमारी स्थापना के बाद से हमारा मार्गदर्शन किया है। हम जमशेदपुर और इसके निवासियों के लिए एक उज्जवल के साथ-साथ समृद्ध भविष्य बनाने के लिए समुदाय के साथ मिलकर काम करना जारी रखेंगे। वहीं पोस्टल पार्क में श्रद्धांजलि देने के बाद चेयरमैन ने टाटा वर्कर्स यूनियन में यूनियन पदाधिकारियों से मुलाकात भी की। इसके अलावा उन्होंने जमशेदपुर वर्क्स के स्टेलेनियम हॉल में प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया। इसी तरह सीईओ सह एमडी टीवी नरेंद्रन द्वारा विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया गया। जिसमें अग्रणी भूविज्ञानी पीएन बोस के नाम पर एक जियोलॉजी सेंटर, टाटा स्टील जमशेदपुर वर्क्स में आई-मेक और आई-सी प्रॉक शामिल हैं। उन्होंने 2 मार्च को शावक नानावती तकनीकी संस्थान में 14 वें तकनीकी प्रदर्शनी, टेकएक्स-2024 का उद्घाटन भी किया। इसमें दो नए अध्याय भी जोड़े गए हैं। जिनमें इंटीग्रेटेड रिमोट एग्लोमेरेट्स सेंटर और इंटीग्रेटेड रिमोट माइनिंग सुपरविजन सेंटर शामिल हैं। आई मेक विभिन्न स्थानों पर डेटा-संचालित रखरखाव निर्णय लेने के लिए केंद्रीकृत कमांड सेंटर है। यह प्लांट के रखरखाव के लिए शॉप फ्लोर पर विशेषज्ञ सलाह, केंद्रीय डेटा लेक में मॉडल की आसान तैनाती, मानकीकृत रख-रखाव प्रक्रिया को सक्षम करेगा। जिसके परिणामस्वरूप सहक्रियात्मक परिसंपत्ति प्रबंधन और परिसंपत्ति जीवन काल में वृद्धि होगी। वहीं संस्थापक दिवस समारोह देश भर में टाटा स्टील के कलिंगा नगर, मेरामंडली व झारखंड और ओडिशा में रॉ मटेरियल लोकेशन्स समेत अन्य स्थानों के साथ ही कार्यालयों में भी आयोजित किया गया। जबकि टाटा स्टील स्पोर्ट्स डिवीजन ने 2 और 3 मार्च को जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में विभिन्न खेलों का आयोजन भी किया। वहीं संस्थापक दिवस पर आकर्षक झांकियां भी निकाली गई। जिसने लोगों का मन मोह लिया।

Related posts