राजा और मुन्ना उड़ीसा से गांजा लाकर करते थे सप्लाई, 20 किलो गांजा के साथ विकलांग गिरफ्तार

– 3000 से 4500 रुपए किलो खरीदता था गांजा, डिजिटल तराजू और आई फोन भी बरामद

जमशेदपुर : बीते सोमवार पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कदमा थाना अंतर्गत रामजनम नगर काली मंदिर रोड में एक व्यक्ति द्वारा घर से भारी मात्रा में गांजा की खरीद-बिक्री का कारोबार किया जा रहा है। जिसके बाद इसकी सूचना एसएसपी को भी दी गई। साथ ही उनके निर्देश पर एक पुलिस टीम का गठन किया गया। वहीं गठित पुलिस टीम ने सूचना का सत्यापन कर उक्त स्थल पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस टीम के साथ बतौर मजिस्ट्रेट एसडीएम धालभूम पारुल सिंह भी मौजूद थीं। छापेमारी के क्रम में पुलिस ने आरोपी समीर कुमार सिंह को गिरफ्तार किया। जो मूल रूप से बिहार पटना रानाबीघा का रहने वाला है और पैदाइशी विकलांग भी है। वहीं तलाशी लेने पर पुलिस ने उसके घर से 20 किलो 900 ग्राम गांजा, डिजिटल तराजू और आईफोन भी बरामद किया। जिसके बाद पुलिस उसे लेकर थाने चली गई। मामले का खुलासा मंगलवार पुलिस ऑफिस में एसएसपी किशोर कौशल ने प्रेसवार्ता कर किया। मौके पर एसपी सिटी मुकेश कुमार लुनायत भी मौजूद थे। वार्ता के दौरान उन्होंने बताया कि ओडीशा से सप्लायर गांजा की खेप आरोपी तक पहुंचाता था। जिसके बाद वह इसकी बिक्री करता था। वहीं सूत्रों से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी समीर कुमार सिंह को बागबेड़ा के रहने वाले राजा और मुन्ना ओडीशा से गांजा लाकर सप्लाई किया करते थे। इसके अलावा 4-5 अन्य सप्लायर भी उसे गांजा देते थे। वहीं अच्छी क्वालिटी देखकर वह 3000 से 4500 रुपए किलो तक गांजा की खरीदारी करता था। जिसके बाद 5 और 10 ग्राम की पुड़िया बनाकर उसे 50 से 100 रुपए में बेचता था। वह 8 सालों से गांजा बिक्री करने का कारोबार कर रहा है। दिसंबर और जनवरी में उसने सप्लायर से 15 किलो गांजा खरीदकर स्टॉक कर लिया था। जबकि चार से पांच किलो गांजा उसने तीन माह पहले ही खरीदा है। उसने बताया कि अगस्त माह में बरसात के समय गांजा की अधिक खपत होती है और इसलिए उसने स्टॉक कर रखा था। फिलहाल पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जबकि सप्लायर की तलाश में पुलिस छापेमारी भी कर रही है। टीम में एसडीएम के अलावा डीएसपी टू निरंजन तिवारी, थाना प्रभारी संजय सुमन, एसआई अंक कुमार, सुनील कुमार दास व कौशलेंद्र कुमार ठाकर, एएसआई राजू राय, आरक्षी महेंद्र यादव, गृह चालक 3955 दीपक कुमार सिंह और 3762 संजीव कुमार सिंह शामिल थे।

Related posts