कमलपुर में घर में घुसा ट्रक, महिला की हुई मौत, थाना प्रभारी ने मुआवजा दिलाने का दिया आश्वासन 

जमशेदपुर : कमलपुर थाना अंतर्गत बांगुड़दा गांव में शुक्रवार की सुबह लगभग 3 बजे एक अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे बने कच्चे मकान घुस गया। जिसमें 29 वर्षीय महिला अन्ना महतो गंभीर रूप से घायल हो गई। साथ ही उसके पति सनातन महतो को भी चोटें आई। वहीं घटना को अंजाम देने के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। जिसके बाद महिला को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया। जबकि सनातन का इलाज अस्पताल में चल रहा है। मामले में बताया जा रहा है कि मृतक अन्ना महतो मजदूरी का काम करती है। घटना के समय वह खाना बनाने की तैयारी कर रही थी। इस दौरान वह घर के बाहर ही दातुन कर रही थी। वहीं पति सनातन महतो घर में बच्चों के साथ सोया हुआ था। तभी अचानक एक ट्रक अनियंत्रित होकर घर में घुसा। जिसने अन्ना को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के दौरान घर पर लगा एसबेस्टस सनातन के ऊपर गिर गया। जिससे वह भी घायल हो गया। वहीं घटना की सूचना पाकर थाना प्रभारी दीपक कुमार ठाकुर भी मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने का आश्वासन भी दिया। फिलहाल पुलिस ट्रक का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

Related posts