जुगसलाई गोलीकांड में तीन आरोपी गिरफ्तार, देसी पिस्टल और खोखा बरामद

जमशेदपुर : बीते रविवार की सुबह लगभग 7 बजे जुगसलाई थाना अंतर्गत बलदेव बस्ती में गोली चालन की घटना घटी थी। जिसमें स्थानीय युवक करण सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिसके बाद बस्ती वासियों ने उसे इलाज के लिए टीएमएच पहुंचाया। जहां वह इलाजरत है। गोली उसके सर में लगी थी। वहीं घटना के बाद बस्ती वासियों ने तीन आरोपियों को पकड़ लिया था। साथ ही इसकी सूचना संबंधित थाने को भी दी। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों आरोपी को हिरासत में ले लिया था। इस दौरान जांच के क्रम में पुलिस ने इनके पास से एक देसी पिस्टल और घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया था। वहीं पुलिस सभी को गिरफ्तार कर थाने लेकर चली आई। आरोपियों में सीतारामडेरा होमपाइप भुइंयाडीह बर्निंग घाट निवासी संजय भुइंया, होमपाइप कल्याण नगर निवासी अमन मंडल और बलदेव बस्ती का रहने वाला प्रहलाद कर्मकार शामिल है। मामले का खुलासा सोमवार पुलिस ऑफिस में एसपी सिटी मुकेश कुमार लुनायत ने प्रेसवार्ता कर किया। मौके पर अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। वार्ता के दौरान एसपी ने बताया कि आरोपियों और घायल करण सिंह के बीच पुराना विवाद था। वहीं रविवार की सुबह संजय और अमन मामले में समझौता करने के लिए बलदेव बस्ती स्थित प्रहलाद के घर पहुंचे और उसे करण को बुलाकर लाने को कहा। जिसके बाद प्रहलाद करण को बुलाने चला गया। उस समय करण नल में पानी भर रहा था। जहां से प्रहलाद उसे बुलाकर अपने घर ले गया। घर में पुराने विवाद को लेकर चारों के बीच समझौता चल रहा था। इसी बीच पुनः गर्मा गर्मी होने से संजय भुइंया ने अपने कमर से पिस्टल निकालकर करण के सर पर गोली मार दी। जिससे वह जमीन पर गिर गया। जबकि गोली की आवाज सुनकर बस्ती वासी उस ओर दौड़ पड़े। जहां उन्होंने देखा कि करण जमीन पर गिरा हुआ है और तीनों आरोपी भागने की कोशिश कर रहे हैं। जिन्हें स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। वहीं करण को इलाज के लिए अस्पताल भी पहुंचाया। फिलहाल तीनों आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। टीम में डीएसपी और थाना प्रभारी के अलावा अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल थे।

Related posts