स्वयं सहायता समूह की 100 से अधिक महिलाओं को वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का कराया गया एक्सपोजर विजिट

जमशेदपुर : नगर विकास एवं आवास विभाग झारखंड रांची के दिए निर्देश के आलोक में दीनदयाल अंत्योदय योजना राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत गठित स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को नजदीक के वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का एक्सपोजर विजिट कराया गया।

वहीं बुधवार उप नगर आयुक्त सुरेश यादव के नेतृत्व में डे एनयूएलएम योजना के तहत संचालित स्वयं सहायता समूहों के 100 से अधिक महिलाओं को मानगो नगर निगम अंतर्गत मानगो जवाहर नगर रोड नंबर 15 में स्थित वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का एक्सपोजर विजिट कराया गया। इस दौरान महिलाओं को पूरे वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का भ्रमण कराते हुए शुद्ध पेय जलापूर्ति से पूर्व कैसे जल शोधन की प्रक्रिया किया जाता है व जल की गुणवत्ता की जांच की क्या प्रक्रिया है, इसकी जानकारी देते हुए प्रशिक्षण भी दिया गया।

साथ ही नदी के पंप से पानी को अरीजेटर में ले जाते हुए फिटकरी आदि देकर फिल्टर बेड में ब्लीचिंग पाउडर और सोडियम हाइड्रोक्लोराइड मिलाकर पानी के शुद्धिकरण एवं यूजीआर द्वारा पंप के माध्यम से टंकी एवं घर तक के जलापूर्ति से संबंधित पूरी जानकारी भी दी गई।वहीं कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जलापूर्ति से संबंधित आधारभूत संरचना के प्रति महिलाओं में सेंस ऑफ ओनरशिप विकसित करना है। प्रशिक्षण का कार्य पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कनीय अभियंता पंडित महतो द्वारा दिया गया। मौके पर सहायक नगर आयुक्त अरविंद प्रसाद अग्रवाल व आकिब जावेद, नगर मिशन प्रबंधक, नगर प्रबंधक, सीओ, सीआरपी समेत स्वयं सहायता समूह की महिलाएं मौजूद थीं।

Related posts