नैनो का टायर फटने से हुए सड़क दुर्घटना में कोलकाता के दो लोगों की मौत, तीन घायल

जमशेदपुर : पश्चिम बंगाल कोलकाता से शहर पिकनिक मनाने आ रहे दो लोगों की एमजीएम थाना अंतर्गत एनएच 33 पर सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। जबकि घटना में तीन लोग घायल हो गए। जिसमें से एक की स्थिति गंभीर बनी हुई है। मृतकों में कोलकाता दमदम निवासी 40 वर्षीय वजीर और 65 वर्षीय दिलिप रॉय शामिल है। वहीं घायलों में जहरुल हक, शफीक मल्ला और मुजीबुर रहमान शामिल है। घटना के बाद पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। जहां से शफीक और मुजीबुर को बेहतर इलाज के लिए टीएमएच रेफर कर दिया गया। मामले में प्रत्यक्षदर्शी मो. नाजीर ने बताया कि वे सभी गालूडीह से चांडिल की ओर पिकनिक मनाने जा रहे थे। इसी बीच एनएच 33 पर अचानक नैनो कार का टायर फट गया। जिससे कार अनियंत्रित होकर तीन चार बार पलटने के बाद सड़क किनारे झाड़ियों में जा घुसी। इस दौरान उन्होंने पुलिस और एंबुलेंस की मदद से सभी को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच कर मो. वजीर और दिलीप रॉय को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल जहरुल ने बताया कि वे सभी कोलकाता से रात्रि 11 बजे निकले थे। उनका प्लान था कि सोमवार जमशेदपुर शहर में पिकनिक और घुमने के बाद देर रात्रि वापस कोलकाता के लिए लौट जाएंगे। कार वजीर चला रहा था। जबकि दिलिप रॉय उसके बगल में बैठा था। इसी बीच अचानक कार के आगे का चक्का तेज आवाज के साथ फट गया। जिससे कार अनियंत्रित होकर कई बार पलट गई। घटना के बाद जब उन्हें होश आया तो वे अस्पताल में थे। फिलहाल पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।

Related posts