जमशेदपुर : बीते 18 नवंबर गोविंदपुर थाना अंतर्गत प्रकाश नगर गरुड़बासा निवासी नवीन कुमार सिंह के घर पर अज्ञात अपराधियों ने फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था। जिसके बाद भुक्तभोगी के बयान पर पुलिस ने थाने में मामला भी दर्ज किया था। साथ ही एसएसपी के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन भी किया गया था। जिसके बाद पुलिस टीम ने अनुसंधान के क्रम में प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर घटना को कारित करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जिसमें गोविंदपुर प्रकाश नगर गरुड़बासा निवासी रोहित लोहार उर्फ गौड़ बाबा, घोड़ाबांधा पुष्पा अपार्टमेंट के पास रहने वाला गौरव गोस्वामी और बिरसानगर जोन नंबर 1 बी आंध्र समिति के पास रहने वाला अमन महतो शामिल है। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देसी कट्टा और बाइक भी बरामद किया है। मामले का खुलासा बुधवार पुलिस ऑफिस में एसएसपी किशोर कौशल ने प्रेसवार्ता कर किया। मौके पर सिटी एसपी कुमार शिवाशीष और डीएसपी नगर सुनिल कुमार चौधरी भी उपस्थित रहे। वार्ता के दौरान एसएसपी ने कहा कि घटना से कुछ दिनों पूर्व सभी आरोपी नवीन कुमार सिंह के घर स्थित आइसक्रीम फैक्ट्री में चोरी करने की नीयत से घुसे थे। इस दौरान उन्होंने ऐसा करने के लिए आरोपियों को डांट फटकार भी लगाई थी। जिसका बदला लेने के लिए आरोपियों ने शराब के नशे बीते 18 नवंबर को उनके घर पर फायरिंग कर दी। गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व में आपराधिक इतिहास भी रहा है। जिसके तहत गौरव गोस्वामी पर टेल्को थाने में चार मामले, रोहित कुमार पर तीन और अमन महतो पर एक मामला भी दर्ज है। फिलहाल सभी आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। टीम में डीएसपी के अलावा पुलिस निरीक्षक मनोज कुमार, थाना प्रभारी अशोक कुमार, एसआई चंद्रशेखर पिंगुआ, रमेश चंद्र महतो व सर्वजीत कुमार और आरक्षी 2590 अभय कुमार सिंह समेत सशस्त्र पुलिस बल शामिल थी।