देसी पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद, पूर्व में तीन आरोपी जा चुके हैं जेल
जमशेदपुर : विगत 15 नवंबर 2024 को उलीडीह ओपी अंतर्गत डिमना बस्ती उमा टिफिन के पास टोनी सिंह की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। उक्त मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी मोनी मोहंती उर्फ चितरंजन मोहंती को गिरफ्तार किया है। साथ ही उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त देसी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया हैं। मामले का खुलासा बुधवार पुलिस ऑफिस में एसपी सिटी कुमार शिवाशीष ने प्रेसवार्ता कर किया। मौके पर पटमदा डीएसपी बच्चन देव कुजूर और थाना प्रभारी अमित कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। वार्ता के दौरान एसपी सिटी ने बताया कि इस हत्याकांड मामले में पूर्व में तीन नामजद आरोपी अविनाश सिंह, उत्तम मंडल और नितेश पोद्दार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। साथ ही अब चौथे आरोपी मोनी मोहंती को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने मोनी मोहंती को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। बताते चलें कि विगत 15 नवंबर की रात्रि उलीडीह डिमना बस्ती उमा टिफिन के पास टोनी सिंह और उसके साथी विष्णु टुडू, शंभू सिंह, फिरोज समेत अन्य शराब पी रहे थे। इसी बीच वहां से स्कार्पियो वाहन लेकर गुजर रहे उत्तम मंडल और कांग्रेस नेता नीतीश पोद्दार की टोनी सिंह ने साथियों के साथ मिलकर पिटाई कर दी थी। जिसके बाद उत्तम और नीतीश स्वर्णरेखा कॉलोनी स्थित अविनाश सिंह के घर के पास पहुंचे और घटना की जानकारी भी दी। इस दौरान तीनों ने वहां शराब पी। वहीं शराब पीने के बाद अविनाश सिंह हथियार लेकर आया और सभी मृतक टोनी सिंह के पास पहुंचे। जहां उत्तम और नीतीश को देखकर टोनी सिंह ने कार से डंडा निकालने का प्रयास किया। तभी अविनाश सिंह ने उसपर फायरिंग कर दी। और तो और अविनाश ने दूसरी गोली बीच बचाव करने आए टोनी के साथी विष्णु पर चला दी। जिससे वह घायल हो गया। घटना को अंजाम देकर सभी मौके से फरार हो गये। उस समय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो वाहन को उत्तम मंडल के घर से जब्त किया था। इसी तरह घटनास्थल से तीन खोखा भी बरामद किया था। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी मोनी मोहंती को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।