21 जनवरी को श्रीराम लला उत्सव समिति निकालेगी भव्य शोभायात्रा, महिलाओं और पुरुषों के लिए ड्रेस कोड हुआ तय

जमशेदपुर : अयोध्या में श्रीराम लला प्राण प्रतिष्ठा समारोह को ऐतिहासिक बनाने के लिए श्रीराम लला उत्सव समिति की ओर से 21 जनवरी को शहर में भव्य रूप से शोभायात्रा निकाली जाएगी। उक्त जानकारी शुक्रवार बिस्टुपुर स्थित हनुमान अखाड़ा में आयोजित पत्रकार वार्ता में समिति के पदाधिकारियों ने दी। इस दौरान उन्होंने बताया कि उक्त शोभायात्रा का शुभारंभ बिस्टुपुर हनुमान मंदिर से सुबह 10 बजे होगा। जिसके बाद शोभायात्रा बिस्टुपुर मुख्य मार्गो से होते हुए गोपाल मैदान गोलचक्कर, कदमा रंकिनी मंदिर, कदमा बाजार, रामनगर चौक से होकर सोनारी प्रवेश करेगी और फिर हवाई अड्डा चौक से होते हुए सोनारी राम मंदिर में संपन्न होगी। वार्ता में आयोजन समिति ने बताया कि शोभायात्रा में श्रीराम परिवार की झांकी आकर्षण का मुख्य केंद्र होगी। साथ ही इसमें बतौर अतिथि केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, विधायक सरयू राय, भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी, भाजपा नेता अभय सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू, उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा, पूर्व उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह के अलावा कई लोग शामिल होंगे। वहीं शोभायात्रा में शामिल होने के लिए आयोजकों ने ड्रेस कोड भी तय किया है। जिसके तहत महिलाएं पीली या गेरुआ साड़ी और पुरुष पीले रंग के कुर्ते में रहेंगे। जबकि शोभा यात्रा में राम धुन बजाते हुए भक्त चलेंगे। मौके पर अजय श्रीवास्तव, मुकुल मिश्रा, ललन द्विवेदी, भाजपा के जिला उपाध्यक्ष संजीव सिन्हा, भाजपा कदमा मंडल अध्यक्ष राजेश सिंह, बिस्टुपुर मंडल अध्यक्ष संजय तिवारी, पूर्व मंडल अध्यक्ष राकेश सिंह, सुर रंजन राय, पप्पू गोस्वामी, बम भोला सिंह, टीटू दास, सन्नी सिंह, रुपेश झा समेत अन्य मौजूद थे।

Related posts