पंचायत समिति सदस्यों का अनिश्चितकालीन धरना तीसरे दिन भी रहा जारी, बीडीओ की कार्यशैली के विरुद्ध धरना पर बैठे हैं पंचायत समिति सदस्य

गिरिडीह:- पीरटांड़ प्रमुख सबीता टुडु के नेतृत्व में विभिन्न पंचायतों के सभी पंचायत समिति सदस्य बीडीओ की कार्यशैली के विरोध में विगत 19 फरवरी से अनिश्चितकालीन धरना पर बैठे हैं।
प्रमुख सबीता टुडु ने कहा कि बीडीओ जब मेरी बातों एवं शिकायतों को नजर अंदाज करते हैं तो आम जनता का क्या होगा।‌ पालगंज पंचायत समिति सदस्य योगेन्द्र तिवारी ने कहा कि बीडीओ का व्यवहार असंवैधानिक है। जब तक जिला से कोई वरीय पदाधिकारी आकर हमसे वार्ता करते हुए बीडीओ की कार्यशैली में सुधार हेतु हमें आश्वासन नहीं देते हैं हम इसी प्रकार धरना पर बैठे रहेंगे।
खुखरा पंचायत समिति सदस्य केशव पाठक ने कहा कि बीडीओ एक साथ चार पदों का प्रभार संभाल रहे हैं। काम के नाम पर महज़ खानापूर्ति की जा रही है। जन्म, मृत्यु एवं आचरण जैसे प्रमाण पत्रों के लिए भी आम आदमी को प्रखंड का चक्कर काटना पड़ रहा है। कहा कि बीडीओ अपनी कार्यशैली में बदलाव लाए और प्रखंड कार्यालय में आम जनता का काम हो।
बिशनपुर पंचायत समिति सदस्य सुजीत कुमार पाण्डेय ने विभिन्न विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर एक कविता पाठ करते हुए प्रशासन का ध्यान उक्त विषय की ओर आकृष्ट करने का प्रयास किया।

Related posts