टकलू और राजा के बाद अब किसका नंबर, क्या किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में है अपराधी

जमशेदपुर : लौहनगरी जमशेदपुर में रोजाना गैंगवॉर की पटकथा लिखी जा रही है। साथ ही 24 घंटे के अंदर दो लोगों की हत्याएं भी हो चुकी है। जिसमें सीतारामडेरा छाया नगर निवासी टकलू लोहार और मानगो बैकुंठ नगर रोड नंबर 4 का रहने वाला राजा सिंह शामिल है। दोनों की एक ही गिरोह में शामिल अपराधियों ने बदले की भावना से गोली मारकर हत्या कर दी है। यह गिरोह मृतक अमरनाथ सिंह का है। बीते दिनों दुमका बासुकीनाथ नंदी चौक में उसकी भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जिसके बाद से गिरोह की कमान दूसरे ने संभाल ली है। अब इस गिरोह में मानगो, आजाद नगर, बारीडीह, परसुडीह, आदित्यपुर और उड़ीसा के शातिर अपराधी शामिल है। जिन्होंने घटना को अंजाम देना शुरू कर दिया है। शहर में खासकर मानगो क्षेत्र में वर्चस्व की लड़ाई को लेकर अपराध का जंग छिड़ चुका है। जिसमें कई हत्याएं पहले भी हो चुकी है और आगे भी होने की पूरी संभावना है। गिरोह के पास बहुतायत मात्रा में जंग लड़ने के लिए हथियार भी उपलब्ध है। इन हथियारों को बिहार से मंगवाया गया है। सूत्रों से पता चला है कि इस गिरोह में राजनीतिक से जुड़े लोग भी शामिल है और वे पर्दे के पीछे रहकर सारा खेल खेल रहे हैं। इस गिरोह का सिर्फ एक ही मकसद है और वह मानगो क्षेत्र के एक बड़ी हस्ती को अपने रास्ते से हटाना है। साथ ही साथ अपने सारे दुश्मनों का सफाया कर फिर से वर्चस्व कायम करना है। जिसके लिए गिरोह ने खासा तैयारी भी कर रखी है। अब सवाल उठता है कि टकलू लोहार और राजा सिंह के बाद अब गिरोह के निशाने पर कौन है। क्या गिरोह के लोग किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में है। इनपर लगाम लगाने के लिए पुलिस की क्या रणनीति है। ऐसे कई सवाल है जिसका जवाब शहर की जनता ढूंढ रही है।

Related posts