बीजेपी के द्वारा राज्य में लोकतंत्र की हत्या करने की एक बड़ी साज़िश विफल, चम्पाई सोरेन को मुख्यमंत्री बनने की बधाई – उस्मान अंसारी

गिरिडीह:- बीजेपी की नीति आरंभ से ही फूट डालो और राज करो के तर्ज़ पर शासन करने की रही है। भाजपा के द्वारा राज्य में लोकतंत्र की हत्या करने की एक बड़ी साज़िश विफल हुई है। झारखण्ड के नए मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन को राज्य का बागडोर संभालने के लिए बधाई।

उपरोक्त बातें जिला परिषद सदस्य देवरी भाग संख्या -6 सह भाकपा माले राज्य कमिटी सदस्य झारखण्ड उस्मान अंसारी ने कही।

उन्होंने आगे कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री के इस्तीफे के कुछ घंटे बाद ही शपथ ग्रहण हो गया लेकिन झारखण्ड में चम्पाई सोरेन के शपथग्रहण समारोह के लिए कई घंटों की देरी आखिर किसके इशारे पर की गई। क्या देश में दो कानून हैं। बीजेपी शासित राज्यों के लिए अलग एवं ग़ैर बीजेपी शासित प्रदेशों के लिए अलग। कहा कि भाजपा जिस तरह से देश को बांटने और लोगों को धर्म के नाम पर गुमराह करने का काम कर रही है वह अत्यंत निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है। यही हाल रहा तो आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा झारखण्ड में एक अदद सीट के लिए भी तरस जाएगी। जनता को धर्म के नाम पर बहुत अधिक दिनों तक मुर्ख नहीं बनाया जा सकता है। देश वासी धीरे- धीरे बीजेपी की धर्म के आड़ में शासन करने की लालसा को समझ रही है।

उन्होंने आगे कहा कि मेरे जिला परिषद क्षेत्र अन्तर्गत जनसमस्याओं का अंबार है। पानी, बिजली, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए भी लोग तरस रहे हैं। सड़कों की स्थिति अत्यंत चिंताजनक है। नल-जल योजना पूरे क्षेत्र में विफल है। लोग पानी की बूंद के लिए तरस रहे हैं। कहा कि हाल ही में जिला उपायुक्त ने मेरे जिला परिषद क्षेत्र के तिलकडीह पंचायत का भ्रमण किया था। उन्होंने स्वयं सड़कों की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया था। उक्त दौरे पर उन्होंने हम सभी को क्षेत्र के विभिन्न ज्वलंत मुद्दों एवं कमियों के शीघ्र समाधान एवं निष्पादन का आश्वासन दिया था। उन्होंने क्षेत्र में 9 महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण के लिए फाइल रांची अग्रेषित किया है। इसके लिए मैं अपने समस्त क्षेत्र की जनता के तरफ़ से उनका आभार प्रकट करता हूं।

Related posts