भाजपा कभी धर्म के नाम पर तो कभी जाति के नाम पर भ्रम फैला रही : राजद

रांची : राजद के प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव ने कहा कि भाजपा कभी धर्म के नाम पर तो कभी जाति के नाम पर भ्रम फैला रही है। समाज को बांटने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव ने सांप्रदायिक शक्तियों के खिलाफ जो लड़ाई छेड़ी है उसे लड़ने के लिए झारखंड से नेता गौतम सागर राणा ने पुन: राजद की सदस्यता ग्रहण की है। इनके आने से झारखंड में पार्टी मजबूत होगी।

संजय ने कहा कि हमारे नेता आईएनडीआईए की अगुवाई कर रहे हैं। इसलिए सीट बंटवारे में कोई दिक्कत नहीं है। सीट के लिए किसी तरह का कोई मतभेद नहीं है। उन्होंने कहा कि राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सीट बंटवारे का निर्णय लेंगे। साथ ही कहा कि भाजपा को यदि देश से भगाना है तो आईएनडीआईए के सभी नेताओं का मानना है कि सभी दलों को कहीं न कहीं त्याग करना होगा। यादव गुरुवार को संवाददाता सम्मेलन में पार्टी कार्यालय में बोल रहे थे।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने संवाददाताओं को जवाब देते हुए कहा कि देश में सबसे अधिक संपत्ति वाले भाजपा के अनेकों नेता हैं लेकिन कभी भी उनके यहां ईडी और सीबीआई की छापेमारी नहीं होती है। विपक्ष के नेताओं के ऊपर ही आखिर इस तरह की कार्रवाई क्यों हो रही है। प्रधानमंत्री ने महाराष्ट्र के नेता शरद पवार के खिलाफ कहा था कि शरद पवार चार दिनों में जेल जाएंगे। भ्रष्टाचारी हैं और जैसे ही शरद पवार ने भाजपा से साठगांठ किया, उन्हें उप मुख्यमंत्री बना दिया गया। ईडी और सीबीआई की एकतरफा कार्रवाई है। राजद इसका जोरदार विरोध करती है।

राजद नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गौतम सागर राणा ने कहा कि भाजपा धर्म की राजनीति कर रही है। गरीबों को ऊपर उठाना, चौतरफा खुशहाली लाना और शांति लाना राजनीति का काम है लेकिन भाजपा के धर्म की राजनीति इस देश में अशांति ला रही है। मानसिक विभाजन पैदा कर रही है। इससे पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव एवं पार्टी नेताओं ने जोरदार स्वागत किया।

इस दौरान पूर्व सांसद कामेश्वर बैठा,युवा राजद अध्यक्ष रंजन यादव, मुख्य प्रवक्ता डॉ मनोज कुमार, विजय राम सहित अन्य नेता उपस्थित थे।

Related posts