189 दिनों बाद भाजपा नेता अभय सिंह जमानत पर जेल से हुए रिहा

जमशेदपुर : साकची काशीडीह निवासी सह भाजपा नेता अभय सिंह 189 दिनों के बाद जमानत पर परसुडीह स्थित घाघीडीह सेंटर जेल से सोमवार की संध्या रिहा हो गए। वहीं जेल गेट पर कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने गाजे बाजे के साथ उनका भव्य रूप से स्वागत भी किया। सोमवार की संध्या 6 बजे वे जेल से बाहर निकले। बताते चले कि उन्हें शुक्रवार मानगो थाने में दर्ज रंगदारी के मामले में हाईकोर्ट से जमानत मिल गई थी। जबकि कदमा शास्त्री नगर में हुए दंगा मामले में पुलिस ने उन्हें 10 अप्रैल को घर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जिसके बाद से वे जेल में ही बंद थे। जेल के बाहर कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए स्वागत से वे मौके पर भावुक हो गए। उनके प्रति कार्यकर्ताओं का जोश और प्रेम देखते ही बन रहा था। उनके जेल से बाहर निकलते ही कार्यकर्ताओं ने खुशी से उन्हें गोद में उठा लिया। जिसके बाद खुली जीप पर सवार होकर उनका काफिला वहां से निकला।

इस दौरान रास्ते में कई जगहों पर कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत भी किया। वहीं जेल से बाहर निकलने के बाद उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उनके ऊपर जमशेदपुर पुलिस ने दंडात्मक कार्रवाई की है। मगर वे डरने वाले नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा को मजबूत बनाने के साथ-साथ हिंदुत्व की लड़ाई भी वे लड़ते रहेंगे।

Related posts