उधार के सिंदूर से दुल्हन बनना चाहती है भाजपा: झामुमो

रांची : भाजपा की ओर से अमर बाउरी को विधायक दल का नेता और जेपी भाई पटेल को पार्टी का सचेतक बनाए जाने पर झामुमो, कांग्रेस और राजद ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो )के केंद्रीय प्रवक्ता मनोज पांडे ने कहा है कि ये नेता उधार के सिंदूर हैं, जिनकी दुल्हन भाजपा बनना चाहती है। उन्हें यह भी सोचना चाहिए कि वे कब तक भाजपा के साथ रहेंगे, जो विधायक हमारा नहीं हुआ, तो भाजपा का क्या होगा।

उन्होंने कहा कि उनकी चिंता नीलकंठ सिंह मुंडा जैसे समर्पित भाजपा नेताओं को लेकर नहीं है। अब जिन्हें आप दूसरे दलों से लाये हैं, उन आयातित नेताओं के अंदर रहकर संगठन से लेकर सदन तक की राजनीति करनी होगी। मनोज पांडे ने कहा कि जो लोग पांच साल तक दूसरे दलों के नेता के रूप में काम कर रहे थे, मोदी की आलोचना करते थे, उन्हें आज महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिल गई हैं। जबकि नीलकंठ सिंह मुंडा व अनंत ओझा जैसे समर्पित विधायक हाशिये पर हैं।

भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को अपने लोगों पर भरोसा नहीं : कांग्रेस

कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राकेश सिन्हा ने भाजपा विधायक दल के नए नेता अमर बाउरी और सचेतक जेपी भाई पटेल को बधाई देते हुए कहा है कि अब यह स्पष्ट हो गया है कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को अपने लोगों पर भरोसा नहीं है। जिस तरह से भाजपा में उधार पर लाने वालों को तरजीह दी जा रही है, वास्तव में यह पार्टी विद डिफरेंस ही ऐसा कर सकती है।

दल बदलूओं के सहारे भाजपा नैया पार करना चाहती है: राजद

झारखंड प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल के मुख्य प्रवक्ता डॉ मनोज कुमार ने भाजपा के विधायक दल के नेता और सचेतक बनाएं जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा दल बदलुओं और दूसरे दल से आए नेताओं के भरोसे चुनावी नैया पार करना चाहती है जो नामुमकिन है।

Related posts