प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष पद पर मनोनीत किए गए शब्बीर

मनोनयन पर जिला अध्यक्ष ने उठाए सवाल, किया दोबारा चुनाव कराने की मांग

जिला अध्यक्ष भागीरथ मंडल ने कहा नियम-कानून को ताक पर रख कर असंवैधानिक तरीके से किया गया है प्रखंड अध्यक्ष का मनोनयन

गिरिडीह:- नया परिसदन भवन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सदर प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष पद पर तेलोडीह पंचायत के मुखिया शब्बीर आलम का मनोनयन किया गया। जिला मुखिया संघ अध्यक्ष भागीरथ मंडल ने मनोनयन के इस प्रकिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए इसे पूरी तरह से असंवैधानिक एवं मनमाना पूर्ण कृत्य करार दिया है साथ ही उन्होंने इस मनोनयन को अविलंब रद्द करते हुए दोबारा चुनाव कराने की बात भी कही है।
इस विषय में उन्होंने कहा कि मैं जिला मुखिया संघ का अध्यक्ष हूं लेकिन मुझे कार्यक्रम की कोई जानकारी तक नहीं दी गई थी। मैं ही निवर्तमान प्रखंड अध्यक्ष भी हूं। यहां तक कि कार्यक्रम में संघ का कोई पदाधिकारी भी उपस्थित नहीं था। मनमानी पुर्ण तरीके से प्रखंड अध्यक्ष का मनोनयन कर लिया गया। प्रखंड मुखिया संघ के चयन में कुछ मुखिया प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया जो सरासर ग़लत है।
उन्होंने आगे कहा कि चोरी छिपे गलत ढंग से मनोनयन की प्रक्रिया संपन्न हुई है इसलिए इस मनोनयन का कोई मतलब ही नहीं है अतः इसे रद्द किया जाना चाहिए और प्रखंड मुखिया संघ का चुनाव दोबारा किया जाना चाहिए।

मनोनयन की प्रक्रिया पुर्ण रुपेण सही, निष्ठापूर्वक करेंगे उत्तरदायित्वों का निर्वहन-शब्बीर

गिरिडीह सदर प्रखंड मुखिया संघ के नव मनोनीत अध्यक्ष शब्बीर आलम ने कहा कि संघ के पदाधिकारियों का मनोनयन संवैधानिक तरीके से किया गया है। कार्यक्रम में प्रखंड के कुल 21 मुखिया ने भाग लिया था। मुखिया प्रतिनिधियों का इस कार्यक्रम में भाग लेने की बात ग़लत है। जिला अध्यक्ष को उक्त कार्यक्रम की जानकारी दी गई थी। जिला अध्यक्ष की मंशा एक साथ दो पदों पर रहने की थी जो गलत है। कहा कि अध्यक्ष पद पर अपने मनोनयन के लिए मैं प्रखंड के सभी मुखिया साथियों का आभार प्रकट करता हूं साथ ही यह आश्वस्त करना चाहुंगा कि बतौर प्रखंड अध्यक्ष मैं अपने कर्तव्यों एवं उत्तरदायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करुंगा।

Related posts