एमवीआई ने मोती लाल नेहरू और राजेन्द्र विद्यालय के पास चलाया अभियान, स्कूल वैन का काटा चालान 

 

जमशेदपुर : जिला परिवहन पदाधिकारी के निर्देश पर बुधवार को एमवीआई सूरज हेंब्रम के नेतृत्व में साकची मोती लाल नेहरू स्कूल और राजेन्द्र विद्यालय के पास स्कूल वैन संचालकों के विरुद्ध अभियान चलाया गया। यह अभियान दोपहर लगभग 1 बजे शुरू हुआ। इस दौरान एमवीआई ने वैन के कागजातों की जांच भी की। जिसमें कमी पाए जाने पर चालान भी काटा गया। वहीं अचानक शुरू हुए अभियान से संचालकों के बीच हड़कंप मच गया और सभी अपने-अपने वाहन लेकर मौके से फरार हो गए। इस संबंध में अधिकारी ने कहा कि आज से स्कूल वाहन जांच अभियान शुरू किया गया है और जो रोजाना जारी रहेगा। वाहन चालक कब तक भागेंगे। उन्हें वाहन का कागजात अप टू डेट करना ही पड़ेगा। नहीं तो सभी का चालान काटकर कोर्ट भेजा जाएगा। इसलिए अच्छा है कि वे खुद ही कागजात बना लें। मौके पर अन्य अधिकारी समेत होमगार्ड जवान भी मौजूद थे।

Related posts