कल्पना सोरेन ने जन्मदिन पर काटा केक, लोगों ने दी बधाई
जमशेदपुर : कदमा उलियान निवासी झामुमो पार्टी से ईचागढ़ की विधायक सविता महतो और कद्दावर नेता सह पूर्व डिप्टी सीएम स्व. सुधीर महतो की द्वितीय सुपुत्री स्नेहा महतो का विवाह सोमवार को सिल्ली निवासी रितेश महतो के साथ संपन्न हुआ। इस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि राज्य के सीएम हेमंत सोरेन पत्नी सह गांडेय विधायक कल्पना सोरेन के साथ शामिल होने के लिए विधानसभा बजट सत्र खत्म होने के बाद दोपहर विशेष विमान से जमशेदपुर के सोनारी एयरपोर्ट पहुंचे। जहां उन्हें जिला प्रशासन द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। जिसके बाद वे सड़क मार्ग से सीधे समारोह स्थल पर पहुंचे। इस दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत भी किया। जिसके बाद सीएम ने पत्नी के साथ पंडाल में पहुंचकर स्नेहा महतो को अपना आशीर्वाद भी दिया। वहीं 3 मार्च को ही विधायक कल्पना सोरेन का जन्मदिन भी था। जिसको लेकर मौके पर उन्होंने सभी के बीच अपना जन्मदिन मनाते हुए केक भी काटा। इस दौरान सभी ने उन्हें बधाई भी दी। जिसके बाद उन्होंने सीएम पति हेमंत सोरेन, स्नेहा महतो और विधायक सविता महतो को अपने हाथों से केक भी खिलाया। समारोह में जलपान करने के बाद सीएम हेमंत सोरेन पत्नी के साथ वापस विमान से रांची के लिए प्रस्थान कर गए। इस अवसर पर कृषि मंत्री नेहा तिर्की, विधायक मथुरा महतो, विधायक जयराम महतो, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, झामुमो नेता फनी महतो, प्रमोद लाल, बबन राय, मनोज यादव, अशोक सिंह समेत अन्य भी मौजूद थे।