कोडरमा लोक-सभा प्रत्याशी विनोद सिंह ने गाण्डेय विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों का किया दौरा

जनसमपर्क कार्यक्रम के दौरान जम कर खोला केन्द्र सरकार की नाकामियों के पोल

 

कहा मनरेगा मजदूरी में हो वृद्धि और अनुबंधित कर्मियों से किए गए वायदों को भी किया जाए पूरा

गिरिडीह:- कोडरमा संसदीय क्षेत्र से इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी विनोद सिंह ने लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत गाण्डेय विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों एवं गांवों का भ्रमण करते हुए प्रमुख चौक-चौराहों पर जनसमपर्क अभियान चलाया। इस दौरान वे फुलजोरी, भंडरकुंडा, आहरडीह मोड़, मेदिनीसारे, मंझलाडीह, बुधुडीह, जामजोरी, रसनजोरी, गजकुंडा, फुलझरिया, भासपुर, सलैया, अहिल्यापुर, देवपुर मोड़,रानाटांड़,बदगुंदा, अहिल्यापुर मोड़, ताराटांड़, पंडरी, फुलची, तीनपतली एवं डोकीडीह में स्थानीय लोगों से मिले और उनकी तथा क्षेत्र की समस्यायों को सुना। जनसंपर्क अभियान के तहत फुलजोरी पहुंचे विनोद सिंह ने मीडिया से मुखातिब होकर केन्द्र सरकार पर जमकर बरसते हुए उसकी नाकामियों के पोल खोले। कोडरमा लोक-सभा क्षेत्र के विषय में उन्होंने कहा कि क्षेत्र विकास से पूरी तरह से वंचित है। यहां से केन्द्रीय शिक्षा मंत्री भी हुआ लेकिन न कोई मेडिकल कॉलेज,न कोई इंजीनियरिंग कॉलेज और न ही कोई विश्वविद्यालय खोला जा सका। केन्द्र सरकार ने क्षेत्र में विकास के नाम पर कुछ भी नहीं किया है जो कुछ हुआ है वह राज्य सरकार की देन है। उन्होंने आगे कहा कि मनरेगा में मजदूरी पूरे देश में झारखण्ड में ही सबसे कम है। अनुबंधित कर्मचारियों का शोषण किया जा रहा है। उनसे किए गए वायदों को निभाया नहीं गया जो कि दुर्भाग्य की बात है। इस विषय में शीघ्र पहल करते हुए उचित निर्णय लिया जाना चाहिए।

 

उन्होंने आगे कहा कि देवरी, तिसरी एवं गावां प्रखंड की जीवन रेखा कहे जाने वाले वर्षों से बंद पड़े अभ्रक उद्योग को पुनः चालू करने का बार-बार आश्वासन दिया गया लेकिन इस मामले में भी को लोगों के हाथ मायूसी ही लगी है। कहा कि गिरिडीह मुफ्फसिल स्थित बनियाडीह में कोलियरी से संबंधित समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए। महानगरों एवं विदेशों में आए दिन राज्य के मजदूरों के साथ होने वाली दुर्घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि राज्य में ही रोज़गार के अवसर उपलब्ध होंगे तो यहां के लोगों को बाहर जाकर ऐसी दुर्घटनाओं का शिकार नहीं होना पड़ेगा।

 

जनसमपर्क अभियान के दौरान विनोद सिंह के साथ गाण्डेय विधानसभा प्रभारी राजेश यादव, डोकीडीह मुखिया अकबर अंसारी, गाण्डेय प्रखण्ड बीस सुत्री अध्यक्ष, फुलजोरी मुखिया प्रतिनिधि सुलेमान अंसारी, विभिन्न पंचायतों के जन प्रतिनिधि, पार्टी के नेता, कार्यकर्ता एवं स्थानीय महिला पुरुष ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related posts