जमशेदपुर : बोड़ाम थाना अंतर्गत मानगो डिमना लेक के पास शुक्रवार की संध्या बाइक सवार अपराधियों ने मानगो टीचर्स कॉलोनी निवासी कारोबारी आशुतोष ओझा पर फायरिंग कर दी। जिसमें गोली उनके पीठ में लगी। वहीं घटना को अंजाम देकर अपराधी मौके से फरार हो गए। जिसके बाद साथियों ने आशुतोष को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। जहां उनका इलाज चल रहा है। मामले में घायल ने बताया कि वह अपने दो साथियों के साथ डिमना लेक के पास स्थित साप्ताहिक हाट में गया था। इसी बीच अचानक बाइक से दो अपराधी आए और उनपर फायरिंग कर फरार हो गए। जिसके बाद घायलावस्था में साथियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। वहीं मामले में सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल आशुतोष ओझा पूर्व में मृतक अमरनाथ सिंह के गिरोह से जुड़ा था और बासुकीनाथ में हुई अमरनाथ सिंह के हत्या के समय भी वह उसके साथ वहां था। बताया जा रहा है कि अमरनाथ सिंह गिरोह से जुड़े सदस्यों को लगता है कि अमरनाथ सिंह की हत्या में आशुतोष ओझा का भी हाथ है। संभवतः इसी को लेकर उसपर जानलेवा हमला किया गया है। पता चला है कि वर्तमान में आशुतोष ओझा मृतक अमरनाथ सिंह के प्रतिद्वंद्वी गणेश सिंह गिरोह में शामिल हैं। जिससे फायरिंग की घटना को अमरनाथ सिंह गिरोह द्वारा अंजाम देने पर बल मिलता है। फिलहाल पुलिस अपराधियों की पहचान करने में जुटी हुई है।