साकची जेल चौक में नाश्ते की दुकान चलाने वाले दो भाईयों पर जानलेवा हमला, रिम्स में चल रहा इलाज 

 

– फायरिंग की बात भी आ रही सामने, पुलिस ने घटनास्थल से चापड़ किया बरामद

 

जमशेदपुर : साकची थाना अंतर्गत जेल चौक से आगे सामुदायिक भवन के पास सोमवार की रात्रि लगभग 11:30 बजे नाश्ते की दुकान बंद कर साइकिल से मानगो ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित घर जा रहे दो भाईयों अमित गुप्ता और छोटु गुप्ता पर चार बाइक पर सवार 8 आरोपियों ने जानलेवा हमला किया। जिससे दोनों भाई घायल हो गए। वहीं घटना को अंजाम देकर सभी आरोपी मानगो की तरफ फरार हो गए। जिसके बाद घायल दोनों भाई खुद से इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचे। जहां दोनों का प्राथमिक उपचार भी किया गया। इसी बीच किसी ने घटना की सूचना संबंधित थाने को दी। जिसपर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर दोनों भाईयों का हाल चाल जाना। साथ ही पुलिस घटनास्थल पर भी गई और जहां से पुलिस ने खून से सना हुआ चापड़ भी बरामद किया। वहीं दोनों भाईयों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स रेफर कर दिया गया। जहां गंभीर रूप से घायल छोटु गुप्ता का इलाज चल रहा है। इसी तरह अमित गुप्ता भी इलाजरत है।

 

मौसेरे भाई ने किया दोनों भाई पर हमला :-

मामले में घायल अमित गुप्ता ने बताया कि वह भाई के साथ जेल चौक की दुकान बंद कर साइकिल से घर के लिए निकले थे। अभी वे सामुदायिक भवन के पास पहुंचे ही थे कि मानगो गौड़ बस्ती रोड लुची टावर के पास रहने वाला मौसेरा भाई ज्ञान प्रकाश गुप्ता चार बाइक पर सवार होकर अपने 7 साथियों के साथ वहां पहुंचा और बिना कुछ बोले ही उन दोनों पर हमला कर दिया। वहीं अमित गुप्ता के अनुसार हमले के दौरान आरोपियों ने तीन राउंड हवाई फायरिंग भी की थी। ज्ञान प्रकाश ने चापड़ से उनके सर, चेहरे और छाती पर वार किया। जिससे उन्हें गंभीर चोटें भी आईं। इस दौरान दोनों घायल होकर जमीन पर गिर गए। जिसके बाद सभी फरार हो गए।

 

दुकान के विवाद में घटी है घटना :-

मामले में सूत्रों से पता चला है कि साकची जेल चौक स्थित बिनोद सिंह की दुकान में पहले आरोपी ज्ञान प्रकाश गुप्ता ही भाड़े पर नाश्ते की दुकान चलाता था। मगर समय पर किराया न देने के कारण मालिक ने उसे दुकान खाली करा दिया था। जिसके बाद अमित गुप्ता ने बिनोद सिंह से किराए पर दुकान देने की बात कही थी। इसी बीच आरोपी ज्ञान प्रकाश ने अमित को दुकान न लेने की बात भी कही थी। बावजूद इसके अमित ने बिनोद सिंह से दुकान किराए पर लिया और बीते 4 सालों से वह भी नाश्ते की दुकान चला रहा था। संभवतः इसी बात को लेकर इस घटना को अंजाम दिया गया है।

 

मामले में क्या कहा थाना प्रभारी ने :-

उक्त मामले में साकची थाना प्रभारी आनंद मिश्रा ने कहा कि घटना घटी है। जिसमें दो लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने घटनास्थल से चापड़ भी बरामद किया है। उन्होंने कहा कि दोनों का इलाज रिम्स में चल रहा है। मगर अब तक आवेदन नहीं मिला है। आप उनसे आवेदन देने के लिए कहिए। ताकि पुलिस अपना काम करती रहे। जहां तक इलाज की बात है वह तो चलता रहेगा।

Related posts

Leave a Comment