वन विभाग को मिली बड़ी कामयाबी, पारा शिक्षक समेत तीन तस्कर गिरफ्तार, हथियार बरामद

 

जमशेदपुर : पशु अंग तस्करों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के क्रम में वन विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिसके तहत विभाग की टीम ने तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। साथ ही इनकी निशानदेही पर जानवर के अंग, जाल, हथियार समेत कई सामान भी बरामद किया है। गिरफ्तार तस्करों में जाकिर हुसैन, दिनेश्वर सिंह और विजय यादव शामिल हैं। जिसमें एक पारा शिक्षक भी है। उक्त जानकारी गुरुवार वन विभाग कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में जमशेदपुर डीएफओ सबा आलम ने दी। मौके पर रेंजर दिग्विजय सिंह भी मौजूद थे। वार्ता के दौरान डीएफओ ने बताया कि विभाग को गुप्त सुचना मिली कि शहर के साकची थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा पशु अंगों की तस्करी की जा रही हैं। जिसके बाद रेंजर दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में विभाग ने टीम बनाकर नाटकीय ढंग से छापेमारी की और एक तस्कर को गिरफ्तार किया। जिसने पूछताछ में अपने दो सहयोगी का भी नाम बताया। जिसपर टीम ने चाईबासा में छापेमारी कर दो और तस्करों को भी गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार तस्करों में एक पारा शिक्षक भी शामिल है। बताते चलें कि इससे पूर्व 15 अगस्त को भी वन विभाग ने एक तस्कर को गिरफ्तार किया था और जिसके पास से विभाग ने तेंदुए का छाल भी बरामद किया था। वहीं रेंजर दिग्विजय सिंह ने बताया कि यह पूरा नेटवर्क राजस्थान राज्य से संचालित होता है। वहां के लोग यहां आकर ग्रामीणों को प्रशिक्षण देते हैं। साथ ही ग्रामीणों द्वारा जानवरों को पकड़ने के बाद मारकर उनके अंगों की तस्करी की जा रही है। उनके विरुद्ध विभाग कार्रवाई भी कर रही है। इस मामले में अब तक 8 लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। साथ ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभाग छापेमारी भी कर रही है। फिलहाल गिरफ्तार तस्करों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Related posts

Leave a Comment