स्वास्थ्य मंत्री बना गुप्ता ने दिया मानवता का परिचय, घायल को अपने हाथों से खुद उठकर स्कॉट वाहन से भिजवाया अस्पताल

जमशेदपुर : बहरागोड़ा थाना अंतर्गत मोड़ पर सोमवार की सुबह अज्ञात वाहन की चपेट में आकर एक स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायलावस्था में सड़क पर पड़ा हुआ था। इसी बीच स्वास्थ्य मंत्री बना गुप्ता का काफिला बहरागोड़ा से जमशेदपुर की तरफ आ रहा था। इस दौरान उन्होंने सड़क पर पड़े हुए घायल को देखकर अपना काफिला रोका। जिसके बाद उन्होंने अपने अंगरक्षकों की मदद से घायल को उठाकर अपने स्कॉट वाहन से इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भिजवाया। मौके पर उन्होंने वायरलेस पर इमरजेंसी अलर्ट करवा कर घायल को रवाना भी किया।

वाहन में उनके सुरक्षाकर्मी भी घायल के साथ अस्पताल पहुंचे। साथ ही उन्होंने अस्पताल अधीक्षक को फोन कर सूचना देते हुए हर परिस्थिति के लिए तैयारी करने का निर्देश भी दिया। मगर अस्पताल पहुंचने पर घायल को डॉक्टरों ने जांच कर मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान ओडीशा मयूरभंज निवासी 62 वर्षीय प्रवीर कुमार कर के रूप में हुई। मामले में मृतक के दामाद सचिकांत पांडा ने बताया कि ससुर प्रवीर कुमार कर बेटी दामाद से मिलने के लिए स्कूटी लेकर बहरागोड़ा मुंबई चौक स्थित ससुराल आ रहे थे। इसी बीच अज्ञात वाहन उन्हें टक्कर मारकर फरार हो गया।

जिससे उनकी मौत हो गई। वहीं घटना से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था। फिलहाल पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पोस्टमार्टम होने के बाद शव को परिजनों के हवाले भी कर दिया गया। जिसके बाद परिजन शव लेकर ओडीशा मयूरभंज चले गए। बताते चलें कि इससे पहले भी स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने बेड़ो के पास से गुजरने के दौरान अपना काफिला रोककर सड़क पर पड़े घायल को इलाज के लिए रांची के रिम्स अस्पताल भिजवाया था। वहीं स्वास्थ्य मंत्री के इस कार्य की लोगों ने काफी सराहना भी की।

Related posts