महिला के बयान पर एएसआई के विरुद्ध यौन शोषण का मामला हुआ दर्ज, सस्पेंड

 समझौते के लिए 15 लाख में हुई बात, 9 लाख का दिया था चेक, कर गया बाउंस

जमशेदपुर : परसुडीह थाने में पदस्थापित एएसआई शिव शंकर सिंह पर एक महिला ने यौन शोषण का आरोप लगाते हुए साकची थाना परिसर स्थित महिला थाने में मामला दर्ज कराया है। वहीं मामले की जांच के क्रम में आरोपी एएसआई को सस्पेंड भी कर दिया गया है। मगर एएसआई के गिरफ्तारी की सूचना अब तक नहीं है। साथ ही पीड़ित महिला पूरे मामले में कानूनी कार्रवाई करने की मांग भी कर रही है। मामले में महिला का कहना है कि आरोपी एएसआई शिव शंकर सिंह ने 7 सालों तक उसे पत्नी की तरह अपने साथ में रखा था। जबकि वर्तमान में उसे घर से बाहर निकाल दिया है। और तो और एएसआई उसे जान से मारने की धमकी भी दे रहा है। आगे महिला ने कहा कि वह पति से प्रताड़ित होने की शिकायत लेकर टेल्को थाने पहुंची थी। जहां उसकी मुलाकात एएसआई से हुई थी। उस समय वे वहीं पर ड्यूटी करते थे। जिसके बाद एएसआई ने उसे अपने घर बुलाकर पति को छोड़ देने की बात कही। इस दौरान एएसआई ने उसके साथ शारीरिक संबंध भी बनाया था। वहीं पीड़ित महिला ने जब आरोपी के विरुद्ध महिला थाने में तत्कालीन एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर मामला दर्ज कराया था तो एएसआई शिव शंकर सिंह ने उसे समझौते के तहत 15 लाख रुपए देने की बात कही थी। साथ ही उसे 9 लाख रुपए का चेक भी दिया था। मगर बैंक में डालने से चेक बाउंस कर गया। जिसके बाद मामला फिर से खुल गया। जबकि पीड़ित महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपी एएसआई शिव शंकर सिंह ने ननद की बेटी को गोविंदपुर में 50 लाख रुपए का घर बना कर दिया है। जहां वह उसके साथ ही रह रहा है। महिला ने कहा कि ननद की बेटी को फंसाकर एएसआई ने उसे छोड़ दिया। फिलहाल महिला जिला प्रशासन से न्याय के लिए गुहार लगा रही है।

Related posts