भाजपा के संरक्षण से फल फूल रहा क्षेत्र में अवैध कारोबार : झामुमो
जमशेदपुर : पोटका में भाजपा नेताओं के संरक्षण में जमशेदपुर के माफियाओं द्वारा अवैध कारोबार किया जा रहा है। जिससे राज्य सरकार को प्रतिमाह करोंड़ों के राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है। झामुमो अब यह बर्दाश्त नहीं करेगा। उक्त बातें झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सोरेन और सुनील महतो ने हाता में आयोजित प्रेसवार्ता में कही। इस दौरान उन्होंने कहा कि जमशेदपुर के माफियाओं द्वारा रात के अंधेरे में क्षेत्र के विभिन्न क्रशर प्लांटों से बिना चालान के हाइवा के माध्यम से गिट्टी लेकर जमशेदपुर ले जाया जा रहा है। वहीं पड़ोसी राज्य ओडीशा से अंधाधुंध बालू की ढुलाई भी बिना चालान के की जा रही है। इसके अलावा क्षेत्र में मुख्य सड़कों पर अवैध रूप से टाल बना वाहनों से रॉड आदि की कटिंग हो रही है। बड़े बसों का संचालन बिना परमिट के हो रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द झामुमो कार्यकर्ता क्षेत्र के विभिन्न चौक चौराहों पर पारंपरिक तीर धनुष से लैस होकर अवैध रूप से संचालित हो रहे वाहनों को रोकेंगे और इसकी जांच कर प्रशासन को सूचना देकर कार्रवाई की मांग करेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के कुछ भाजपा नेताओं द्वारा झामुमो पर अवैध धंधों में लिप्त होने का आरोप लगाया जा रहा है। उन्हें यह जानकारी होनी चाहिए कि झामुमो के लोग सिर्फ मजदूरी का कार्य करते है। अवैध धंधों में पूंजीपतियों का हाथ होता है। जिन्हें भाजपा का संरक्षण प्राप्त होता है। मौके पर सुधीर सोरेन, सुनील महतो, चंद्रावती महतो, भुवनेश्वर सरदार, रजनी सारंगी, जमाल खान, जिगरूल होड़ा, भुगलू टुडू समेत अन्य भी मौजूद थे।