लगातार बारिश से कई घर गिरे, दीवार से दबकर अधेड़ की मौत

कोडरमा : जिले के जयनगर प्रखंड के सतडीहा पंचायत के लतबेधवा गांव में अधिक वर्षा होने के कारण मिट्टी का घर गिरने से सदानंद सिंह (54) की मौत हो गयी। बताया जाता है कि वह घर में था और इसी दौरान मिट्टी के घर की दीवार गिरने से वह उसमें दब गया, जिससे उसकी मौत हो गयी। सदानंद सिंह को दो पुत्र एक पुत्री, पत्नी और मां है। अबतक उसे किसी भी आवास योजना का लाभ नहीं मिला था और पूरे परिवार के साथ कच्चे घर में रहता था।

इधर, मरकच्चो में चार दिनों से हो रही बारिश से प्रखंड में आम जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। इस बारिश से खरीफ फसलों से के फायदा के साथ-साथ जल स्रोतों में पानी लबालब भर गया है। लेकिन वही गरीब परिवारों को भारी संकट से गुजरना पड़ रहा है। मरकच्चो प्रखंड के पपलो पंचायत स्थित ग्राम बिन्धनिया निवासी आशा देवी और पपलो निवासी अंजनी देवी का कच्चा मकान मंगलवार की रात गिर गया। घर के अंदर कई आवश्यक सामान दब गया।

Related posts