आदित्यपुर नगर निगम जिला प्रशासन के साथ मिलकर हटाएगा अतिक्रमण, 24 घंटे का दिया समय 

 

जमशेदपुर : आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में सड़क किनारे बढ़ते अतिक्रमण को लेकर प्रशासक रवि प्रकाश के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई करने की तैयारी चल रही है। जिसके तहत सोमवार निगम के सिटी मैनेजर रवि भारती और यातायात पुलिस ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। इस दौरान खरकाई पुल से आकाशवाणी व शेरे पंजाब चौक, आदित्यपुर थाना रोड, इमली व एस टाइप चौक, निगम जाने वाले रास्ते और एस टाइप में मुख्य सड़क एवं सर्विस मार्ग से 24 घंटे के अंदर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी माइकिंग के जरिए दी गई। साथ ही दुकानदारों को चेताया कि दिए गए समय पर सभी को खुद से अतिक्रमण हटा लेना है। नहीं तो उन्हें क्षति के साथ साथ कानूनी कार्रवाई का भी सामना करना पड़ सकता है। वहीं नगर निगम क्षेत्र में अतिक्रमण के कारण लोगों को सड़क जाम समेत अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिसमें सड़क दुर्घटनाएं, ससमय पर एंबुलेंस अस्पताल में नहीं पहुंचने, औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों को ड्यूटी जाने में लेट होना के अलावा अन्य भी शामिल हैं। जिनको ध्यान में रखते हुए नगर निगम एवं यातायात पुलिस द्वारा अतिक्रमण हटाने का कार्य किया जाएगा।जबकि हाल के दिनों में खरकई पुल पर फल बेचने वाले की संख्या लगातार बढ़ रही है। वहीं कई बार फल ठेलों को हटाया भी गया हैं। बावजूद इसके ठेले वाले फिर से सड़क किनारे आकर जम जाते हैं। इस बार सड़क किनारे अतिक्रमण करने वालों पर नगर निगम एवं यातायात पुलिस संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए जुर्माना भी वसूला जाएगा। इसके बाद भी अगर दोबारा अतिक्रमण हुआ तो नगरपालिका अधिनियम एवं यातायात नियमानुसार कार्रवाई भी जाएगी।

Related posts