जमशेदपुर : अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद जमशेदपुर के बैनर तले गोलमुरी स्थित शहीद स्मारक में बुधवार नौसेना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन संगठन अध्यक्ष विनय कुमार यादव ने भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस दौरान नेवी जयप्रकाश द्वारा संगठन गीत प्रस्तुत किया गया। जिसके बाद नौसेना दिवस पर विषय प्रवेश कराते हुए पूर्व नौसैनिक सुखविंदर सिंह ने 1971 के युद्ध के विजय की नींव में नेवी की अचूक रणनीति और अपूर्व पराक्रम को विस्तार से बताया। साथ ही पूर्व नौसैनिक राजेश कुमार पांडे, नवेंद्र गांगुली और शशिभूषण सिंह ने भी अपने विचार साझा किये। वहीं पेटी ऑफिसर जयप्रकाश ने युद्ध के दौरान आइएनएस वीर निफ्ट और निर्घट के साथ राजपूत और अक्षय जैसे जहाजों एवं उनकी तकनीकी विशेषताओं का जिक्र भी किया। मुख्य अतिथि ने मां भारती को पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा कि यह शौर्यमय दिन हम सभी को सदैव याद रखना चाहिए। इसके बाद 1971 के युद्ध में आइएनएस खुकरी के 176 नौसैनिकों की शहादत पर श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। खुकरी के कमान अधिकारी कैप्टन महेंद्रनाथ मुल्ला के त्याग समर्पण और नौसैनिक मूल्यों को भी याद किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के साथ संगठन के सभी साथियों के साथ केक काटकर जीत का जश्न भी मनाया। मौके पर संगठन के संस्थापक वरुण कुमार, जिलाध्यक्ष विनय यादव, महामंत्री जितेंद्र सिंह, सत्यप्रकाश, विजय कुमार, किशोर कुमार, दया भूषण, धनंजय कुमार सिन्हा, हरि शंकर पाण्डेय, केशव कुमार वर्मा, दीपक शर्मा, एनके गांगुली, कमलेश कुमार, नीरज कुमार, गौतम जायसवाल, जेपी स्वर्णकार, मनजीत सिंह, बिरेश प्रसाद, मोहन भारती, मुकेश कुमार सिंह समेत अन्य सैनिक सपरिवार भी मौजूद थे।