जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां जिले में भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने हैं। जिसके तहत जहां भाजपा तिरंगा यात्रा निकाल कर ऑपरेशन सिंदूर को सफल बता रही है। वहीं कांग्रेस संविधान बचाओ रैली के नाम पर केंद्र सरकार पर निशाना साध रही है। पाकिस्तान के साथ हुए युद्ध में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर भाजपा द्वारा पूरे जिले के विभिन्न क्षेत्रों में तिरंगा यात्रा निकालकर भारतीय सेना के साहस पराक्रम को सराहा है। वहीं कांग्रेस के कार्यकारी जिलाध्यक्ष अंबुज कुमार ने भाजपा की तिरंगा यात्रा को “एक राजनीतिक स्टंट” बताते हुए कहा कि यह यात्रा लोगों को भ्रमित करने के लिए निकाली जा रही है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार की नीयत और नीति पर सवाल खड़े हो रहे है।क्योंकि ऑपरेशन सिंदूर की अचानक सीजफायर में तब्दील करने की प्रक्रिया राजनीतिक मंशा को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि भाजपा बिहार चुनाव को ध्यान में रखते हुए इस तरह की ड्रामेबाजी कर रही है। जिसपर पलटवार करते हुए भाजपा नेता रमेश हांसदा ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज कर कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के जरिये भारत ने अपनी ताकत और सामरिक नीति का प्रदर्शन किया है। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा चुनावी फायदे के लिए नहीं, बल्कि देशहित की भावना से ऐसे कार्यक्रम करती है। तिरंगे की वजह से आज देश अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत स्थिति में खड़ा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है।