कद्दावर सरयू राय को मिला दमदार निशि पांडे का साथ

रामगढ़ : झारखंड की राजनीति के चाणक्य कहे जाने वाले कद्दावर नेता सरयू राय को दमदार निशि पांडे का साथ मिल गया है। झारखंड में यह जोड़ी एक नया कमाल करने वाली है। भाजपा से बागी होने के बाद सरयू राय ने भ्रष्टाचार के खिलाफ जब मोर्चा खोला तो झारखंड की राजनीति में भूचाल आ गया था। अब सरयू राय ने अपनी पार्टी में केंद्रीय महासचिव के पद पर निशि पांडे को मनोनीत कर एक दमदार चेहरा राजनीति में शामिल कर दिया है। शनिवार को निशि पांडे रामगढ़ शहर के एक निजी होटल में कॉन्फ्रेंस कर इस पार्टी को एक नई ऊंचाई देने का ऐलान किया।

इस दौरान निशि पांडे ने कहा कि सरयू राय को वह गुरु मानती हैं। जिस तरीके से पूरे झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ सरयू राय ने आवाज बुलंद की है, वह उनकी इस आवाज को और मजबूती देना चाहती हैं। हालांकि पार्टी अभी छोटे स्तर पर है, लेकिन इसे अब धीरे-धीरे बड़ा करना है। रामगढ़ से निशि पांडे ने अपनी हुंकार भरी है और इसमें वैसे लोगों को शामिल करने का संकल्प लिया है जो समाज को एक नई दिशा देने की सोच रखते हैं। उन्होंने कहा कि आज हमारे समाज में जनता को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। कहीं स्कूल नहीं है, तो कहीं अस्पताल नहीं है। कहीं पर भवन तो है लेकिन वहां काम करने वाले कर्मचारी नहीं है। ऐसे में जनता की आवाज को मजबूती के साथ सरकार के समक्ष रखने का दायित्व भारतीय जनतंत्र मोर्चा ने लिया है।

निशि पांडे ने कहा कि जल्द ही पूरे प्रदेश में यह पार्टी अपना एक नया मुकाम हासिल करेगी। उन्हें पूरी उम्मीद है कि सरयू राय के साथ उनका काम भी जनता को पसंद आएगा। निशि पांडे ने कहा कि वह जनसेवा के लिए पिछले कई वर्षों से लगातार काम कर रही हैं। जनता के बीच उन्होंने सैकड़ो काम किए हैं और इन्हीं लोगों को सुविधा देने के लिए उन्होंने कई बार राजनीतिक दल का दामन भी थामा था। लेकिन जब कोई पार्टी उनकी उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा तो झारखंड के चाणक्य ने उन्हें यह मौका एक बार फिर दिया है।

Related posts