प्रकाश पर्व पर साकची में सजेगा दो-दिवसीय अलौकिक कीर्तन दरबार, हरमंदिर साहिब के रागी करनजीत सिंह करेंगे संगत को निहाल

जमशेदपुर : सिखों के दसवें गुरु दसमेश पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के 357 वें जन्म दिहाड़े पर 17 और 18 जनवरी को आयोजित होने वाले दो दिवसीय महान कीर्तन दरबार में सचखंड श्री हरमंदिर साहिब के कीर्तनीये भाई साहिब भाई करनजीत सिंह साकची गुरुद्वारा में अपने मधुर गुरबाणी से संगत को निहाल करेंगे। साथ ही भाई बलदेव सिंह और परमजीत सिंह जेठुवाल ढाढी जत्था, अमृतसर भी कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। वहीं गुरुपर्व पर नगर कीर्तन के भव्य आयोजन को लेकर साकची गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी ने जोर-शोर से तैयारी भी शुरू कर दी हैं। बीते दिनों साकची गुरुद्वारा कमिटी ने आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक कर निर्णय भी लिया है। जिसके तहत प्रकाश पर्व पर निकलने वाले नगर कीर्तन से पूर्व साकची गुरुद्वारा अंतर्गत परिक्षेत्र में आगामी 12 से 16 जनवरी लगातार पांच दिनों तक प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इस दौरान साकची गुरुद्वारा के प्रधान निशान सिंह ने बताया कि भाई करनजीत सिंह गुरबाणी रस से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। जबकि ढाढी जत्था भाई बलदेव सिंह और परमजीत सिंह जेठुवाल अमृतसर वाले वीररस द्वारा गुरु महाराज की महिमा का बखान करेंगे। इसी तरह शहर के कवि भाई सुरजीत सिंह, भाई संदीप सिंह जगदी टकसाल, भाई गुरदीप सिंह निक्कू टाटानगर वाले के साथ-साथ साकची गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी ज्ञानी अमृत पाल सिंह मन्नन और सुखजिंदर सिंह भी सुबह और शाम के दिवान में श्रद्धालुओं को गुरबाणी से जोड़ेंगे। उन्होंने बताया कि दोनों दिन गुरु का अटूट लंगर संगत को पंगत में बैठकर छकाया भी जाएगा। वहीं प्रधान निशान सिंह के अलावा मुख्यरूप से ट्रस्टी सतनाम सिंह, परमजीत सिंह काले, जोगिंदर सिंह जोगी, बलबीर सिंह, अवतार सिंह, सुरजीत सिंह छीते, दलजीत सिंह, सतनाम सिंह घुम्मन, जगमिंदर सिंह काका, जसपाल सिंह जस्से, सुखजिंदर सिंह निक्कू, कृतजीत सिंह रॉकी, मनोहर सिंह मित्ता, जैमल सिंह और त्रिलोचन सिंह के आलावा सिख नौजवान सभा, सिख स्त्री सत्संग सभा तथा सुखमणि साहिब कीर्तनी जत्था की बीबियों ने भी बैठक में शामिल होकर अपने-अपने विचार रखे। जबकि दूसरी तरफ प्रभात फेरी को लेकर रूट चार्ट भी जारी किया गया है। जिसके अनुसार 12 जनवरी शुक्रवार को गुरु नानक साकची से प्रभात फेरी की शुरुआत की जाएगी। इस पर विस्तार पूर्वक बताते हुए प्रधान निशान सिंह ने बताया कि पिछली बैठक में प्रभात फेरी को लेकर एक उप कमिटी बनायी गई थी। जिसमें मुख्य रूप से सुरजीत सिंह छीते, प्रितपाल सिंह, अवतार सिंह और हरविंदर सिंह को शामिल किया गया था।वहीं उप-कमिटी के सदस्य सुरजीत सिंह छीते ने बताया कि प्रभात फेरी पहले दिन 13 जनवरी बुधवार को गुरुनानक नगर साकची से पुराना काशीडीह और बगान एरिया, 14 जनवरी को न्यू काशीडीह और बाराद्वारी, 15 जनवरी को रिफ्यूजी कॉलोनी और सीतारामडेरा व 16 जनवरी को फिर से गुरुनानक नगर और ठाकुर बाड़ी रोड (आमबगान) का भ्रमण करेगी। उप-कमिटी के सदस्य अवतार सिंह, प्रितपाल सिंह और हरविंदर सिंह ने कहा कि प्रभात फेरी प्रतिदिन प्रातः साढ़े तीन बजे भ्रमण के लिए साकची गुरुद्वारा से प्रस्थान करेगी। जिसका आयोजन साकची स्त्री सत्संग सभा के सहयोग से किया जा रहा है। उन्होंने बताया की इच्छुक श्रद्धालु संगत प्रभात फेरी को दर्शन के लिए घर पर आमंत्रित करने के लिए 8210248895 नंबर पर फोन कर संपर्क भी कर सकते हैं।

Related posts