जोरदार बारिश से शहर में जल जमाव, एमजीएम अस्पताल शिशु रोग विभाग के पास भरा पानी

 

47.2 एमएम दर्ज की गई बारिश, मौसम विभाग ने येलो और ऑरेंज अलर्ट किया जारी

 

जमशेदपुर : शहर में शुक्रवार जोरदार बारिश हुई। इस दौरान सुबह से ही आसमान में घनघोर बादल छाए रहे। साथ ही 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक लगातार बारिश भी हुई। जिसके कारण नेशनल हाइवे 33 समेत शहर की सड़कें पानी में डूब गई। डिमना चौक से आगे नेशनल हाइवे मुखिया डांगा के पास पानी का जमाव हो गया। जिससे आस-पास के कई कंपनियों में पानी भी घुस गया। साथ ही सड़कों के किनारे खड़े ट्रकों के आधे हिस्से तक पानी में डूब गए। जल जमाव से मुख्य सड़कों पर आने-जाने वाली गाड़ियों की लंबी-लंबी कतारें भी लग गई। जिसके तहत घंटों देर तक लोगों को जूझना पड़ा। स्थानीय लोगों ने बताया कि हाइवे मुख्य सड़क के बगल में एक नाला है। जिसपर लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है। इससे वर्षा का पानी नाला में न जाकर सीधे सड़क पर आ जाता है। जिस कारण से जब भी तेज बारिश होती है तो वह सारा पानी सड़क पर आ जाता है। जिससे लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। जबकि महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल के शिशु रोग विभाग के पास भी हमेशा की तरह आज भी पानी भर गया था। इससे वहां खड़ी गाड़ियां भी पानी में आधी डुब गई। साथ ही शिशु रोग विभाग में मरीजों के साथ-साथ चिकित्सकों को भी आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। साथ ही साथ इमरजेंसी विभाग में भी पानी घुस गया। जिसके बाद कर्मचारियों ने आनन-फानन में पानी को निकाला। ताकि मरीजों को किसी तरह की परेशानी न हो। बारिश के दौरान इमरजेंसी विभाग में पानी घुसने से मरीजों को बेड से नीचे उतरने मना किया गया था। लगभग एक घंटे तक सभी मरीज अपने-अपने बेड पर ही जमे रहे। इसके अलावा जुगसलाई ओवर ब्रिज के पास भी कमर तक पानी भर गया। जिसके कारण दोनों तरफ गाड़ियों की कतारें लग गई और घंटों तक लोगों को जूझना पड़ा। बर्मामाइंस, टेल्को, बिस्टुपुर, मानगो पुल समेत अन्य क्षेत्रों में भी पानी का जमाव देखा गया।

 

आज भी जोरदार बारिश होने की है संभावना :-

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी जोरदार बारिश होने की संभावना है। साथ ही 24 व 25 अगस्त को राज्य के दक्षिणी भागों (पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां व सिमडेगा) में कहीं-कहीं पर भारी वर्षा होने की संभावना है। जिसे लेकर 24 को येलो और 25 अगस्त को आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार को शहर में 47.2 एमएम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटे में राज्य के लगभग सभी स्थानों पर गर्जन के साथ हल्की सी बारिश हुई। राज्य में मानसून गतिविधि सक्रिय रही। सबसे अधिक वर्षा 133.4 एमएम गिरिडीह के राजधनवार में दर्ज किया गया। जबकि शुक्रवार को जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री व न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

Related posts

Leave a Comment