साउथ एशिया फैलोशिप गोल्फ रोटरी टूर्नामेंट का हुआ आयोजन

 

जमशेदपुर : रोटरी क्लब जमशेदपुर वेस्ट ने शनिवार प्रतिष्ठित साउथ एशिया फैलोशिप गोल्फ रोटरी टूर्नामेंट का भव्य आयोजन किया। यह टूर्नामेंट शहर के गोलमुरी स्थित गोल्फ कोर्स में आयोजित हुआ। जिसमें साउथ एशिया के लगभग 100 रोटेरियन गोल्फरों ने हिस्सा लिया। इस प्रतियोगिता में कोडाईकनाल, नागपुर, डिगबोई (असम), तिनसुकिया, वडोदरा, इंफाल, देहरादून, जमालपुर, रांची और जमशेदपुर के गोल्फर शामिल हुए। इसमें खास बात यह रही कि टूर्नामेंट में महिला गोल्फरों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 7 बजे केक काटकर किया गया। इस दौरान उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। उनके साथ टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट सुंदर रमन और रोटरी क्लब जमशेदपुर वेस्ट के अध्यक्ष डॉ अमित मुखर्जी भी उपस्थित रहे। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य रोटेरियन गोल्फरों के बीच आपसी सौहार्द और खेल भावना को बढ़ावा देना है। गोलमुरी गोल्फ कोर्स की हरियाली और शांत वातावरण ने इस आयोजन को और भी खास बना दिया। रोटरी क्लब जमशेदपुर वेस्ट के प्रयासों और गोल्फ प्रेमियों की भागीदारी ने इसे सफल और यादगार आयोजन बना दिया। टूर्नामेंट का समापन विजेताओं को पुरस्कार वितरण के साथ हुआ।

Related posts