जय श्री राम के नारे के साथ भगवाधारियों ने निकाला मंगला जुलूस

झांकी में दिखी अयोध्या में स्थापित श्रीराम मूर्ति की झलक

रामगढ़: रामनवमी पूजा महासमिति के नेतृत्व में जिले के अखाड़े और पूजा समितियों ने भव्य मंगल जुलूस निकाला। जय श्री राम के नारे के साथ भगवाधारियों ने आस्था के साथ मनाई जाने वाली इस रामनवमी त्योहार का बड़ा सुंदर आगाज किया है। अयोध्या में भगवान श्री राम की मूर्ति की स्थापना के बाद यह पहला रामनवमी है। इसलिए भगवाधारियों में एक नया जोश दिख रहा था। शहर के सिद्धो कान्हो मैदान से शुरू हुआ यह मंगला जुलूस बाजारटांड़, चट्टी बाजार, झंडा चौक, थाना चौक, मेन रोड होते हुए छावनी परिषद मैदान में जाकर समाप्त हुआ।

झांकी में दिखी प्रभु श्री राम की झलक

मंगला जुलूस की झांकी में भगवान श्री राम की झलक भी दिखाई दी। रामनवमी पूजा महासमिति के पदाधिकारी ने भगवान राम की उस मूर्ति का प्रारूप झांकी में शामिल किया था, जो अयोध्या राम मंदिर में स्थापित किया गया है। उस आकर्षक छवि को देखने के लिए आम नागरिकों की भीड़ भी सड़क के किनारे मौजूद थी। भगवान श्री राम कि यह प्रतिमा झांकी में आकर्षण का केंद्र बनी हुई थी। लोग उस प्रतिमा की पूजा कर रहे थे और उसपर पुष्प अर्पित कर रहे थे।

परंपरागत हथियार के साथ सड़क पर उतरे भगवाधारी

मंगला जुलूस में परंपरागत हथियार के साथ भगवाधारी शामिल हुए थे। तलवार, भाला, भुजाली, गड़ासे व अन्य परंपरागत हथियारों का प्रदर्शन भी किया गया। सुभाष चौक पर कई प्रबुद्ध नागरिकों ने परंपरागत हथियार के साथ युद्ध कौशल की कला का भी प्रदर्शन किया।

दर्जनों स्थानों पर हुआ जुलूस का स्वागत

मंगला जुलूस का स्वागत बाजारटांड़, चट्टी बाजार, थाना चौक, झंडा चौक सहित अन्य कई स्थानों पर हुआ। स्थानीय कमेटी के सदस्यों ने जुलूस में शामिल भगवाधारियों के लिए जलपान की व्यवस्था की थी। पूरे रास्ते पेयजल की व्यवस्था भी समाज के लोगों के द्वारा किया गया था। रामगढ़ युवा शक्ति कमेटी के द्वारा राम भक्तों की सेवा की गई। यहां उपस्थित मुख्य संरक्षक आजाद सिंह, तुलसी प्रसाद, दिनेश सिंह ने राम भक्तों की सेवा में जलपान की व्यवस्था की। मंगला जुलूस में शामिल लोगों को रामनवमी और नव वर्ष प्रतिपदा की शुभकामनाएं दी। आजाद सिंह ने कहा कि अयोध्या में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद यह पहली रामनवमी मनाई जा रही है। आम नागरिकों में इसे लेकर काफी उत्साह है।

पूर्व विधायक ममता देवी, छावनी परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष सह भाजपा नेता सरदार अनमोल सिंह, संजीत सिंह उर्फ छोटू सिंह, रंजन फौजी, विजय जायसवाल, महासमिति के अध्यक्ष दीपक मिश्रा, राजेश ठाकुर, बलजीत सिंह बेदी, विनय विश्वकर्मा, दुर्गा विश्वकर्मा, शिबू दांगी, प्रवीण कुमार सोनू सहित कई लोग शामिल थे।

Related posts