सिदगोड़ा टाउन हॉल में जिला स्तरीय सहिया सम्मेलन का हुआ आयोजन, स्वास्थ्य सेवाओं को ग्राम स्तर तक पहुंचाने के योगदान को मिला सम्मान

जमशेदपुर : सिदगोड़ा स्थित टाउन हॉल में मंगलवार जिला स्तरीय सहिया सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि विधायक सरयू राय उपस्थित रहे। इस अवसर पर डीसी अनन्य मित्तल, जिला परिषद अध्यक्षा बारी मुर्मू व उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा, डीडीसी मनीष कुमार, सिविल सर्जन डॉ जुझार माझी, अपर उपायुक्त रोहित सिन्हा समेत जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारी और टाटा स्टील फाउंडेशन के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। वहीं कोरोना काल के दौरान विषम परिस्थितियों में ग्राम-पंचायत तक वैक्सीनेशन कार्यक्रम का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन हो या फिर स्वास्थ्य विभाग के अन्य इंडिकेटर में जिले को राज्य में अग्रणी स्थान पर रखना, अयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से सभी सहिया के योगदान को अतिथियों ने रेखांकित किया। साथ ही उनके कार्यों की प्रशंसा भी की गई। इस दौरान पूरे जिले की स्वास्थ्य सहिया शामिल हुईं। सम्मेलन में विधायक सरयू राय ने अपने संबोधन में कहा कि विवाहित व गर्भवती महिला, किशोरी एवं शिशु की स्वास्थ्य समस्याओं को विभाग से जोड़ने की सहिया मुख्य कड़ी हैं। अपने गांव क्षेत्र में किसी तरह की स्वास्थ्य समस्याओं की जानकारी देना सहिया की जिम्मेवारी रही है। जिसका निर्वाहन सभी साहियाओं ने बखूबी निभाया भी है। जिला के साहियाओं द्वारा किए गए कार्य विश्व पटल पर अपना असर दिखाते हैं। साथ ही स्वास्थ संबंधित आंकड़े में व्यापक सुधार लाते हैं। सहिया दीदी द्वारा किए गए कार्य से जिला का मानव बल स्वस्थ रहा है और जिससे यहां पर किए गए विकास कार्यों की प्रगति में अप्रत्यक्ष तौर पर सहयोग भी मिला है। आगे भी सभी सहिया दीदी के लिए संरचना और सुविधा के रूप में सहयोग दिया जाएगा। वहीं उन्होंने जिला प्रशासन और साहियाओं के बीच स्थापित समन्वय की तारीफ करते हुए आगे भी इसे बरकरार रखने की बात कही। वहीं डीसी अनन्य मित्तल ने उपस्थित सभी सहियाओं से कहा कि आपके योगदान से समाज स्वस्थ रहता है और आने वाली पीढ़ी भी आपके निरंतर प्रयास से ही स्वस्थ रहेगी। उन्होंने कहा कि गांव में गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच तथा गर्भावस्था के दौरान खान-पान एवं सावधानियां के प्रति जागरूक करना तथा संस्थागत प्रसव के लिए उन्हें प्रेरित करने के साथ साथ समय पर गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर प्रसव करने का कार्य साहियाओं द्वारा कुशलता पूर्वक किया गया है। किसी रोग से संबंधित अभियान में आपकी तत्परता तथा सहभागिता उल्लेखनीय रही है। आपके इन कार्यों में जिला प्रशासन सदैव आपके सहयोग के लिए आपके साथ रहेगा।फाइलेरिया उन्मूलन अभियान में भी आपके द्वारा किए गए कार्य प्रगति सराहनीय रही है और आगे भी इस गति को बरकरार रखें यह अपेक्षित है। इसी तरह जिला परिषद अध्यक्षा बारी मुर्मू ने अपने संबोधन में कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपना योगदान दे रही हैं। घर के कार्यों को जिस तरीके से वो संभालती हैं, उसी तरह से समाज की सेवा भी सराहनीय रूप से कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं समाज में व्याप्त कुरीतियों पर अंकुश लगाने का कार्य भी वृहद स्तर पर कर रही हैं। उन्होंने कहा कि साहियाओं द्वारा बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाती आई हैं और जिसके लिए वे सभी बधाई के पात्र हैं। जबकि डीडीसी मनीष कुमार ने कहा कि अपने पोलियो खुराक से लेकर कोविड टीकाकरण अभियान तक सहिया दीदी की तत्परता और सेवा की अनुभूति उन्होंने की। जिसके वे कृतज्ञ मन से शुक्रगुजार हैं। जिला में फिलहाल आयोजित डेंगू उन्मुलन आभियान में लार्वा कलेक्शन और मिशन इंद्रधनुष में भी उनका योगदान काफी सराहनीय रहा है। जिसके कारण जिला पूरे राज्य में प्रथम स्थान पर रहा है। अभी क्रियान्वित किए जा रहे टीबी उन्मूलन अभियान और एमडीए के तहत फाइलेरिया उन्मूलन अभियान में भी उसी स्तर की सक्रियता बरकरार रखने की बात कही गई। वहीं सिटी एसपी मुकेश लुणायत ने कहा कि सहिया दीदी द्वारा किए गए कार्य को वे सैल्यूट करते हैं। साहिया दीदी महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण भूमिका पूरी तन्मयता के साथ निभाती आई हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग साहियाओं के लिए किसी भी प्रकार की पुलिस सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहेगा। मौके पर उत्कृष्ट कार्य के लिए जिले के प्रत्येक प्रखंड की 5 सहियाओं को प्रमाण पत्र के साथ उपहार से सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला कार्यक्रम प्रबंधक हाकिम प्रधान ने किया।

Related posts