सिख समाज के जयघोष जो बोले सो निहाल सतश्री अकाल से गूंजी लौहनगरी

 श्री गुरु नानक देव जी के 554 वें प्रकाश पर्व पर निकली भव्य शोभा यात्रा

जमशेदपुर : सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के 554 वें प्रकाश पर्व पर सोमवार शहर के सिख समाज के जयघोष जो बोले सो निहाल सतश्री अकाल से पूरी लौहनगरी गूंजायमान रही। इस दौरान बिस्टुपुर स्थित गुरुद्वारे से सिख समाज ने भव्य रूप से शोभा यात्रा भी निकाली। जिसमें साध संगत के अलावा समाज के लोगों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लेकर गुरु की पालकी साहिब के आगे नतमस्तक भी हुए। वहीं सुबह बिष्टुपुर गुरुद्वारे से नगर कीर्तन के रूप में भव्य शोभायात्रा की शुरुआत हुई।श और जो मेन रोड होकर जुस्को गोल चक्कर से कीनन स्टेडियम और फिर जीआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स होते हुए रेड क्रॉस गोल चक्कर पहुंची। जहां से साकची मुख्य गोलचक्कर होकर नगर कीर्तन संध्या साकची गुरुद्वारा पहुंची। इस दौरान आकर्षक आतिशबाजी कर जय घोष के साथ नगर कीर्तन का स्वागत भी किया गया। वहीं इस सफल आयोजन के लिए सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (सीजीपीसी) पूरी तरह तत्पर दिखी। साथ ही सभी गुरुद्वारा के प्रतिनिधियों ने भी नगर कीर्तन के दौरान सक्रिय भूमिका निभाई। वहीं नगर कीर्तन के दौरान पालकी साहिब के स्वागत के लिए विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों द्वारा शोभा यात्रा मार्ग में जगह जगह पर तोरणद्वार भी बनाए गए थे। इसी तरह शोभा यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं की सेवा के लिए 50 से ज्यादा सेवा शिविर भी लगाए गए थे। जिसमें पेयजल के अलावा बिस्कुट, फल, चाकलेट समेत अन्य खाद्य पदार्थ का इंतजाम किया गया था। वहीं विभिन्न राजनीतिक और समाजिक संगठनों के प्रतिनिधि नगर कीर्तन में शामिल भी हुए। जबकि सेंट्रल सिंह नौजवान सभा ने नगर कीर्तन के दौरान ट्रैफिक की जिम्मेदारी संभाल रखी थी। बावजूद इसके नगर कीर्तन के दौरान पूरी ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई थी। वहीं नगर कीर्तन में मुख्य रूप से स्वास्थ्य मंत्री बना गुप्ता, विधायक सरयू राय, भाजपा के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले, कांग्रेस जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे, सीजीपीएसी के प्रधान भगवान सिंह, चेयरमैन शैलेंद्र सिंह, गुरु चरण सिंह बिल्ला समेत समाज के अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

Related posts