सऊदी अरब में फंसे झारखंड के पांच मजदूरों ने वतन वापसी की लगाई गुहार

Md Mumtaz

खलारी: झारखंड के पांच मजदूर सऊदी अरब में फंस गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर वतन वापसी की गुहार लगाई है। फंसे हुए मजदूर गिरिडीह, हजारीबाग और बोकारो जिले के रहने वाले हैं। वहीं इस मामले को संज्ञान में लेते हुए ह्यूमन ऐंड हेरिटेज केयर फाउंडेशन के चेयरमैन अमरदीप कौशल ने विदेश मामलों के केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधरन और आईएफएस अधिकारी चंद्रू अप्पर से दूरभाष द्वारा वतन वापसी की गुहार लगाई। श्री कौशल ने ट्विटर के माध्यम से सऊदी अरब में भारतीय दूतावास को भी खबर किया गया था। जिसके बाद जल्दी ही सऊदी अरब के भारतीय दूतावास द्वारा ट्विटर पर श्री कौशल को मैसेज भेजा गया की वो लोग इस मामले के बारे में अवगत है और एक मजदूर के साथ संपर्क में हैं। भारतीय दूतावास के अधिकारी प्रवासी भारतीय मजदूरों की सकुशल वतन वापसी पर काम कर रहे हैं। वहीं अमरदीप कौशल ने सऊदी अरब में भारतीय दूतावास के अधिकारियों से आग्रह किया है कि मजदूरों के 8 माह का बकाया वेतन कंपनी द्वारा नही दिया गया है उनको बकाया वेतन दिलाया जाए ताकि उनको खाने पीने में कोई तकलीफ नहीं हो। गौरतलब है की वेतन नही मिलने के कारण सभी मजदूर दाने-दाने के लिए मोहताज हैं। सभी की वीजा की अवधि भी समाप्त हो गई है। सऊदी अरब में फंसे मजदूरों में गिरिडीह जिले के सरिया प्रखंड की कुसमाडीह पंचायत के जगदीश महतो, बोकारो जिले के पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र की पेंक पंचायत के जिवलाल महतो, विनोद महतो और हजारीबाग जिले के बिष्णुगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत चानो पंचायत के चिंतामन महतो और विरेन्द्र महतो शामिल हैं। ये सभी मजदूर 28 मार्च, 2023 को अल मुरब्बा अल हादी की कंपनी में ट्रांसमिशन के ओपीजी में काम करने के लिए सऊदी अरब गये थे। पिछले आठ महीने से किसी भी मजदूर को वेतन नहीं मिला हैं। इसकी वजह से मजदूरों की स्थिति बद से बदत्तर हो गई है।

Related posts