शादी की सालगिरह पर युवती की तड़प तड़प कर मौत

पलामू : शादी की सालगिरह पर एक महिला की संदेहास्पद मौत हो गयी। महिला अपने पति से पिछले आठ माह से अलग रह रही थी। अचानक महिला को तड़पते देखा गया। उसे इलाज के लिए रविवार की देर शाम एमएमसीएच में भर्ती किया गया, लेकिन कुछ देर इलाज चलने के बाद उसने दम तोड़ दिया। सोमवार दोपहर में शव का पोस्टमार्टम किया गया। यह मामला मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के नई मोहल्ला आनंद मार्ग आश्रम के समीप से जुड़ा हुआ है। यहां अपने मायके में पिछले आठ माह से रह रही डिंकी अग्रवाल (24) की मौत हो गयी।

चर्चा है कि रविवार को डिंकी अग्रवाल की शादी की सालगिरह थी। महिला सज धज कर तैयार हुई थी। इसी बीच उसे तड़पते देखा गया। चर्चा है कि महिला जहरीला पदार्थ खा लिया था, जिससे उसकी स्थिति गंभीर हो गई। उसे इलाज के लिए एमएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। महिला को करीब आठ महीने पहले पति ने छोड़ दिया था। दोनों के बीच विवाद होने के कारण मामला कोर्ट में चला गया था। दो दिसंबर को मामले में सुनवाई होनी थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

डिंकी की शादी वर्ष 2020 में धनबाद के राजगंज थाना क्षेत्र के बोराबंद इलाके में हुई थी। मृतका की मां शोभा देवी का कहना है कि रविवार को डिंकी की शादी की सालगिरह थी। वह तैयार हुई थी। उसे उम्मीद थी कि आज उसका पति उससे मिलने जरूर आएगा। इंतजार करने के बाद शाम छह बजे उसने अपने पति को फोन लगाया था। इसी़ क्रम में अचानक उसे तड़पते हुए देखा गया। उसे इलाज के लिए एमएमसीएच ले जाया गया, यहां कुछ देर इलाज चलने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया।

Related posts