सावन माह धार्मिक और वैज्ञानिक दृष्टि से विशेष महत्व : आचार्य

 

टंडवा : सावन माह धार्मिक और वैज्ञानिक दृष्टि से विशेष महत्व है। यह बाते जन्मकुंडली, वास्तु व कर्मकाण्ड परामर्श के विशेषज्ञ आचार्य पं. चेतन पाण्डेय ने कहा। उन्होंने कहा कि इस माह हम भीतर की दिव्य शक्ति जगा पाते हैं। खुद को भीतर से मजबूत कर पाते हैं। इस शक्ति से विश्व कल्याण के साथ स्वयं को भी स्वस्थ रख सकते हैं। सावन श्रद्धा को जगाने का समय है। वैज्ञानिक भी मानते हैं कि जहां ज्योतिर्लिंग होते हैं, वहां सबसे ज्यादा रेडिएशन मिलता है।जहां स्वयं भू-शिवलिंग हैं, वहां शक्ति का अहसास होता है। तभी बड़ी-बड़ी आपदाओं में ऐसे मंदिर सुरक्षित रहे हैं। मान्यता है कि सावन में भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए देवताओं ने आराधना की थी। देवता शिव की शरण में योग शिक्षा लेते हैं। असमय मौत से मुक्ति के लिए अनुष्ठान का विशेष विधान है। इस माह भगवान शिव शिवलिंग के रूप में पृथ्वी पर प्रकट हुए थे। माता पार्वती ने भगवान शिव को वर के रूप में प्राप्त करने के लिए उनकी तपस्या इसी माह शुरू की थी। सावन में किया गया शिव कर्म शिवलोक को प्राप्त होता है। सावन का वनस्पति से भी संबंध है। कई प्रकार की वनस्पतियों से शिव साधना फल देती है। पुराणों के अनुसार इस माह सभी ज्योतिलिंगों में भगवान शिव का वास होता है। सावन में भगवान शिव प्रसन्न होते हैं। उनकी प्रसन्नता की झलक हरी भरी प्रकृति के जरिए देखी जा सकती है। जो भी श्रद्धालु एवं भक्त त्रिनेत्रधारी भगवान शिव के पंचाक्षरी मंत्र ऊं नमः शिवाय का सच्चे मन से जाप करता है, भोलेनाथ उसकी सभी मनोकामनाएं अवश्य पूर्ण करते हैं। वह अपने भक्तों को भवसागर से पार लगाते हैं। यह ऐसा समय है, जब धीरे-धीरे युग परिवर्तन का वातावरण सृजित होता दिखाई दे रहा है। सप्रवृत्तियों पर आसुरी प्रवृत्तियां हावी होती जा रही हैं। छल, प्रपंच, झूठ, व्यभिचार और भ्रष्टाचार का बोलबाला है। तब जगत के कल्याण के लिए भगवान शिव सावन के महीने में पृथ्वी पर पहुंचते हैं और अपने भक्तों का कल्याण करते हैं। सावन महीने में भगवान शिव से संबंधित किए गए जप तप व अन्य अनुष्ठान कई गुना अधिक फल देते हैं।

 

Related posts