श्री लक्ष्मी-नारायण की प्राण प्रतिष्ठा के साथ संपन्न हुआ पांच दिनों का महायज्ञ, हजारों लोगों ने ग्रहण किया महाभोग

 

जमशेदपुर: श्री लक्ष्मी-नारायण प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ के पांचवें और अंतिम दिन रविवार की सुबह सभी मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा हुई। इस दौरान श्री लक्ष्मी नारायण, शिव परिवार, हनुमान जी, काली जी आदि की मंत्रोच्चारण के मध्य प्राण प्रतिष्ठा हुई। जिसके बाद हवन हुआ। उसके बाद यज्ञ की पूर्णाहुति हुई। इस प्रकार बीते पांच दिनों से चली आ रही विभिन्न देवी-देवताओं की पूजन विधि आज संपन्न हो गई। इस पांच दिनी महायज्ञ के प्रमुख यजमान पूर्वी के विधायक सह श्री लक्ष्मी-नारायण मंदिर जीर्णोद्धार समिति के संयोजक सरयू राय थे। वहीं विशिष्ट यजमानों में स्थानीय लोग शामिल रहे। बाद में प्रभु का प्रसाद (महाभोग) हजारों लोगों ने ग्रहण किया। साथ ही आज से भक्तजन यहां प्रतिदिन पूजा कर सकेंगे। पांच दिनों तक चले इस प्राण-प्रतिष्ठा महायज्ञ में हजारों लोग शामिल हुए। जिससे परिसर का पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। मंदिर परिसर में एक यज्ञ वेदी बनाया गया था। समस्त धार्मिक अनुष्ठान वहीं संपन्न हुए। इस यज्ञ वेदी के ठीक बगल में रामधुन गाने वाली स्त्री-पुरुषों का दल था जो निरंतर रामधुन गाता रहा।

इस महायज्ञ को सफल बनाने में आशुतोष राय, हरे राम सिंह, अनिकेत सिंह, असीम, मुकेश सिंह, राघवेंद्र सिंह, पप्पू सिंह आदि की महती भूमिका रही। यह पूरा महायज्ञ बेगुसराय से पधारे प्रख्यात पंडित गौरीशंकर ठाकुर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

Related posts