जमशेदपुर : 21 दिसंबर शनिवार को श्री श्याम सेवा संघ सोनारी द्वारा आयोजित होने वाले 22 वां महोत्सव की सभी तैयारियां पुरी कर ली गई हैं। जिसके तहत पुरे पंडाल को केसरिया श्याम ध्वज से सजाया गया है। सोनारी जूनियर कारमेल स्कूल के पीछे मैदान में भजनों की अमृत वर्षा के लिए राजस्थान के प्रसिद्ध भाई प्रवेश शर्मा (बीकानेर) एवं जयंत ब्यास (कोलकाता) से बाबा के दरबार में अपनी हाजिरी लगाने आ रहे हैं। साथ ही स्थानीय भजन गायक महाबीर अग्रवाल भी मंच संचालन करते हुए अपनी हाजिरी बाबा के दरबार में लगाएंगे। इस दौरान संध्या 8.30 बजे से देर रात्रि तक भजनों की अमृत वर्षा होगी। इससे पहले दोपहर 12.30 बजे से सोनारी राम मंदिर में ध्वजा पूजन के साथ विभिन्न मार्गो से होते हुए महोत्सव स्थल तक निशान यात्रा निकलेगी। साथ ही श्याम प्रेमियों के स्वागत के लिए तोरण द्वार भी बनाया गया है। उक्त जानकारी श्याम सेवा संघ सोनारी के अध्यक्ष अशोक दीवान ने दी। उन्होंने बताया कि बंगाल के कुशल कारीगरों द्वारा बाबा श्याम का भव्य दरबार सजाया गया हैं। अखंड ज्योत, सामूहिक आरती, माखन मिश्री का भोग, विद्युत सज्जा समेत रात्रि 2 बजे गजरा महोत्सव इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण होगा। उन्होंने सभी श्याम प्रेमियों से महोत्सव को सफल बनाने के लिए समय पर आने का अनुरोध भी किया हैं।