डालटनगंज में 27 लाख की चोरी, दहशत में घर के लोग

 

मेदिनीनगर: पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के शहर थाना क्षेत्र में रविवार की रात चोरों ने पुराने अंदाज में एक साथ तीन घरों में खिड़की तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया है। इन घटनाओं में चोरों को 27 लाख की संपत्ति हाथ लगी है, जिसमें 2 लाख नगद है, बाकी के गहने गायब हुए हैं। इन घटनाओं के बाद पुलिस एक बार फिर जरूरी जानकारी लेकर छानबीन में जुट गई है। इस संबंध में सोमवार को मामला दर्ज कराया गया है।शहर थाना क्षेत्र के कुम्हार टोली में राजेन्द्र प्रसाद औऱ उदयनाथ पाठक के घरों को चोरों ने निशाना बनाया।उदयनाथ पाठक चियांकी स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र से सेवानिवृत कर्मचारी हैं। घटना के वक्त उनके परिवार का कोई सदस्य घर पर मौजूद नहीं था। दूसरे घर में राजेंद्र प्रसाद औऱ उनकी पत्नी की मौजूदगी के बावजूद चोरों ने बड़े आराम से खिड़की उखाड़ कर घटना को अंजाम दिया।राजेंद्र प्रसाद के घर से पांच लाख के गहने औऱ 40 हजार नगद गायब किया गया, जबकि उदयनाथ पाठक के घर से पांच लाख के जेवर चोरों ने अलमारी तोड़कर गायब कर दी।इसी तरह हमीदगंज के बीएन कॉलेज रोड स्थित बंगाली मोहल्ला में चोरों ने संध्या कुमारी पति संतोष कुमार के घर में चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया। 15 लख रुपए के जेवर और डेढ़ लाख रुपये नगद खिड़की से ही घुसकर चोरी कर ली। घटना के वक्त संध्या, उनके पति आदि घर पर मौजूद थे, लेकिन उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगी। जुलाई और अगस्त में अब तक चोरी की छह घटनाएं सामने आ चुकी हैं। सारी घटनाएं एक ही स्टाइल में की गई है। खिड़की तोड़कर चोरी करने से गृहस्वामियों में हड़कंप मचा हुआ है।

Related posts