सरयू राय ने मानगो ट्रैफिक जाम को लेकर पुनः की डीसी से बात

 

नो इंट्री के समय में बदलाव जरूरी, दिन में भारी वाहनों की इंट्री रोके प्रशासन

 

– पुलिस-प्रशासन की बैठक का नहीं निकला कोई नतीजा

 

– प्रशासन नहीं मानेगा तो जनता दिन में गाड़ियों को रोकेगी, मैं उनके साथ रहूंगा

 

जमशेदपुर : मानगो में ट्रैफिक जाम की समस्या दूर करने के बारे में मैंने रविवार को पुनः दूरभाष पर जिले के डीसी अनन्य मित्तल से वार्ता कर कहा कि प्रशासन जाम की समस्या को गंभीरता से लें और उसके लिए ठोस उपाय करें। मैंने उनको याद दिलाया कि मैं विगत छह दिनों से इस बारे में जमशेदपुर प्रशासन और पुलिस का ध्यान आकृष्ट कर रहा हूं। मगर अब तक कोई ठोस कार्रवाई होती नजर नहीं आ रही है। दो दिन पहले पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों की एक बैठक होने की सूचना समाचार पत्रों से मिली। पर उसका भी कोई नतीजा अब तक नहीं निकला।विधायक सरयू राय ने डीसी से स्पष्ट शब्दों में कहा है कि प्रशासन सबसे पहले जमशेदपुर में भारी वाहनों के नो इंट्री के समय में बदलाव करें।‌ दिन में किसी भी भारी वाहन को जमशेदपुर में प्रवेश करने की इजाजत न दी जाए। रांची की तरफ से डोबो होकर आने वाले भारी वाहनों तथा सरायकेला की ओर से आने वाले भारी वाहनों को केवल रात्रि 12 से सुबह 6 बजे तक ही जमशेदपुर में प्रवेश करने की इजाजत दी जाए। दिन में इन वाहनों को जमशेदपुर में मुख्य रुप से टाटा स्टील की फैक्ट्री में जाने के लिए दी जाने वाली ढील मानगो पुल पर जाम का कारण बन रहा है।उन्होंने डीसी के ध्यान में यह बात भी लाई कि यदि प्रशासन जमशेदपुर में भारी वाहनों की दिन में इंट्री बंद करने में आनाकानी करेगा तो बाध्य होकर जाम से जूझ रही जनता को खुद आगे आकर दिन में भारी वाहनों की इंट्री बंद करानी पड़ेगी और ऐसी स्थिति में मैं आम जनता के साथ खड़ा रहूंगा। क्योंकि मेरी प्राथमिकता आम जनता को सुविधा दिलाने की है। मानगो पुल पर जाम की स्थिति तो चिंताजनक है ही। जमशेदपुर शहर में करीब एक दर्जन अन्य स्थान हैं और जहां यातायात की व्यवस्था का संचालन सुचारू रुप से करने की जरूरत है। अंत में उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन मानगो पुल और मानगो चौक पर लगने वाली जाम की समस्या से जनता को छुटकारा दिलाने के लिए मेरे उपर्युक्त सुझाव पर गंभीरता से विचार कर एक सप्ताह के भीतर इसे लागू करना सुनिश्चित कराएगा।

Related posts