रांची पहाड़ी मंदिर में महाशिवरात्रि पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

रांची : महाशिवरात्रि पर रांची के पहाड़ी मंदिर सहित अन्य शिवालयों में भक्तों की भीड़ देर शाम तक लगी रही। मंदिरों से आकर्षक रुप से शिव बारात निकाली गई। लोग शुक्रवार सुबह से ही मंदिर जाकर भगवान भोलेनाथ के शिवलिंग पर दूध और जल अर्पित कर रहे थे। साथ ही फल-फूल अर्पित कर श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से सुख, समृद्धि और उन्नति की कामना की। कोकर, डोरंडा, हिनू, बरियातू, लालपुर, बुटी मोड़ ,हरमू, अरगोड़ा, चुटिया के सुरेश्वर धाम सहित अन्य मंदिरों में लोगों का ताता लगा हुआ था।

रांची के प्रसिद्ध पहाड़ी मंदिर में सबसे अधिक भीड़ देखी गई। ओम नमः शिवाय ,बोल बम , कालों के काल महाकाल और भोले शंकर की जय के नारों से मंदिर परिसर गूंज रहे थे। जगह-जगह मंदिरों के में भक्ति गाने भी बज रहे थे। पहाड़ी मंदिर विकास समिति के सचिव राकेश सिन्हा ने बताया कि पहाड़ी मंदिर सहित अन्य शिवालयों का सुबह 3:30 बजे से ही पट खोल दिया गया था। पहाड़ी मंदिर में जल अर्पित करने के लिए अरघा की व्यवस्था की गई थी।

राकेश कुमार ने बताया कि लगभग एक लाख श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ पर जलाभिषेक किया है। साथ ही उन्होंने बताया कि मंदिर में सुरक्षा को लेकर 50 सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं, ताकि छिनतई और छेड़खानी करने वाले पर विशेष नजर रखी जा सके।

वहीं दूसरी ओर पहाड़ी मंदिर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गए थे। कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोए और सुखदेव नगर थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिसकर्मी लगातार मॉनिटरिंग करते देखे गए। राजधानी में सुरक्षा को लेकर एक हजार जवान अलग से तैनात किये गये थे।

एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि महाशिवरात्रि को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अलग से पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही सभी थाना प्रभारी को अपने-अपने क्षेत्र के मंदिरों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया गया है।

Related posts